गडगा बांध में नहाने गए एक युवक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

सिंचाई पाइप लाइन के पास गहरे गड्ढे में हुआ हादसा

धारणी /दि.7- तहसील के टेंबली गांव के दो युवक रविवार को गडगा मध्यम सिंचाई बांध प्रकल्प में नहाने के लिए गए थे. इस दौरान सिंचाई पाइप लाइन के पास बने गहरे गड्ढे में डूबने से विशाल रामभाऊ भिलावेकर (18) की मौत हो गई. जबकि उसका साथी राहुल सोमसा उईके गंभीर रुप से घायल हो गया.

* दोनों को नहीं आता था तैरना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवकों को तैरना नहीं आता था. हाल की बारिश से बांध प्रकल्प का जलस्तर बढ गया था और पाइप लाइन के पास गहरा गड्ढा होने के कारण यह परिसर अत्यंत खतरनाक हो गया था. आशंका है कि, इसी कारण दोनों गहरे पानी में चले गए.

* जांच में जुटी पुलिस
मृतक विशाल कुसूमकोट बु. स्थित श्री वसंतराव नाईक महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था. जबकि राहुल टेंबली की आश्रमशाला का विद्यार्थी है. सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक शेषराव नितनवरे के मार्गदर्शन में पुलिस मौके पर पहुंची और विशाल के शव का धारणी उपजिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया. जबकि राहुल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अमरावती जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी की गई. इस हादसे से टेंबली गांव में शोक का माहौल है.

 

Back to top button