देशभर में 58 इंजीनियरिंग कॉलेज बंद
महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश सबसे अधिक प्रभावित

नई दिल्ली/दि.7- देशभर में तकनीकी शिक्षा को बड़ा झटका लगा है. ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए देश के 58 इंजीनियरिंग और तकनीकी कॉलेजों को विभिन्न चरणों में बंद करने की मंजूरी दी है. हालांकि, इन संस्थानों में पहले से अध्ययनरत छात्रों को अपनी पढ़ाई पूरी करने की अनुमति दी जाएगी.
एआईसीटीई के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, बंद किए गए 58 संस्थानों में 3 सरकारी सहायता प्राप्त और 55 निजी कॉलेज शामिल हैं. इसके अलावा देशभर के तकनीकी और इंजीनियरिंग संस्थानों में 950 से अधिक पाठ्यक्रम भी बंद किए गए हैं. एआईसीटीई ने बताया कि छात्रों के घटते प्रवेश, योग्य शिक्षकों की कमी, आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का अभाव तथा नियामकीय मानकों का पालन नहीं करने जैसे कारणों से यह निर्णय लिया गया है. एआईसीटीई का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखना और केवल मानकों पर खरे उतरने वाले संस्थानों को ही संचालन की अनुमति देना है. वहीं, विशेषज्ञों का मानना है कि बड़ी संख्या में कॉलेजों और पाठ्यक्रमों के बंद होने से तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश लेने वाले छात्रों के सामने विकल्प सीमित हो सकते हैं.
* राज्यवार बंद हुए कॉलेज
महाराष्ट्र के 12, उत्तर प्रदेश के 12, पंजाब के 4, तेलंगाना के 4, राजस्थान के 3, तमिलनाडु के 3, गुजरात के 2, आंध्र प्रदेश के 2, पुदुच्चेरी के 2, कर्नाटक के 1, हरियाणा के 1, उत्तराखंड के 1, मध्य प्रदेश के 1, पश्चिम बंगाल के 1, ओडिशा के 1 कॉलेज का समावेश है.





