जन्म प्रमाणपत्र के लिए मनपा में भारी भीड़
नए नियमों और तकनीकी खामियों से लोग परेशान

अमरावती/दि.8– जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए अमरावती मनपा में पिछले दो महीनों से लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है. नए सरकारी नियमों और सॉफ्टवेयर संबंधी तकनीकी समस्याओं के कारण प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया धीमी पड़ गई है. स्थिति यह है कि आम नागरिकों के साथ-साथ पार्षदों को भी घंटों इंतजार करना पड़ रहा है.
जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता किरीट सोमैया की शिकायत के बाद राज्य सरकार ने जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र के पंजीकरण एवं वितरण के नियम सख्त कर दिए हैं. अब दस्तावेजों का सत्यापन और आवेदक की पहचान सुनिश्चित होने के बाद ही प्रमाणपत्र जारी किया जा रहा है. हालांकि, इन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन में प्रशासनिक समन्वय की कमी साफ नजर आ रही है.
* एक ही लॉगिन आईडी से बढ़ी परेशानी
मनपा के पास जन्म प्रमाणपत्र पंजीकरण के लिए केवल एक लॉगिन आईडी उपलब्ध है. सॉफ्टवेयर बार-बार धीमा पड़ने के कारण जोन क्रमांक 1, 2 और 3 में काम प्रभावित हो रहा है, जिससे प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया लगभग ठप हो गई है.
* हर दिन सैकड़ों लोग पहुंच रहे नगर निगम
स्कूलों में प्रवेश और अन्य सरकारी कार्यों के लिए जन्म प्रमाणपत्र की जरूरत होने के कारण प्रतिदिन सैकड़ों नागरिक मनपा पहुंच रहे हैं. लंबी कतारों में घंटों इंतजार करने के बावजूद कई लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है.
* डीएचओ पर बढ़ा अतिरिक्त कार्यभार
नए नियमों के तहत ओटीपी सत्यापन के बाद जन्म प्रमाण पत्र को मंजूरी देने का अधिकार जिला स्वास्थ्य अधिकारी को दिया गया है. पहले से ग्राम पंचायत, नगर परिषद और नगर पंचायतों के जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्रों का कार्य संभाल रहे डीएचओ पर अब मनपा का अतिरिक्त भार भी आ गया है, जिससे अनुमोदन प्रक्रिया धीमी हो गई है. मनपा के जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र पंजीयन विभाग की अधिकारी डॉ. प्रतिभा आत्राम के अनुसार, सॉफ्टवेयर संबंधी तकनीकी दिक्कतों के कारण काम प्रभावित हो रहा है. 1 से 30 जून के दौरान केवल 250 जन्म प्रमाणपत्रों का ही पंजीकरण हो सका, जबकि सामान्य दिनों में इससे कहीं अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं.





