पूर्णा मध्यम परियोजना से अगले 24 घंटे में छोड़ा जाएगा पानी
नदी किनारे रहने वालों को अलर्ट

अमरावती/दि.8- चांदूर बाजार तहसील के पूर्णा मध्यम प्रकल्प का जलस्तर तेजी से बढने के कारण आगामी 24 घंटे के भीतर इस बांध से पूर्णा नदी में पानी छोड़े जाने की संभावना है. इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने पूर्णा नदी के किनारे बसे गांवों के नागरिकों, किसानों और मछुआरों से सतर्क रहने की अपील की है.
जानकारी के मुताबिक 8 जुलाई को दोपहर 2 बजे तक पूर्णा मध्यम परियोजना के जलाशय का जलस्तर 449.58 मीटर दर्ज किया गया, जो कुल क्षमता का 71.19 प्रतिशत है. परियोजना के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण जलाशय में पानी का भंडारण लगातार बढ़ रहा है. अधिकृत जलाशय संचालन कार्यक्रम के अनुसार जुलाई माह के अंत तक जलाशय का स्तर 448.09 मीटर (56.67 प्रतिशत) बनाए रखना आवश्यक है. इसी कारण परियोजना की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगामी 24 घंटे के भीतर पूर्णा नदी में नियंत्रित रूप से पानी छोड़ा जाएगा. प्रशासन ने पूर्णा नदी के किनारे रहने वाले लोगों, किसानों एवं मछुआरों से अपील की है कि वे नदी के पास जाने से बचें, नदी के बहाव क्षेत्र में प्रवेश न करें तथा किसी भी प्रकार की गतिविधि से दूर रहें. साथ ही स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और आवश्यक सतर्कता बरतें. जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को भी आवश्यक ऐहतियाती उपाय करने तथा नदी किनारे बसे गांवों को समय रहते सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.