सांसद बलवंत वानखडे ने की अपर आदिवासी आयुक्त से भेट
मेलघाट के आदिवासी विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान और लंबित डीबीटी निधि वितरण की मांग

अमरावती/दि.9– अमरावती जिले के मेलघाट क्षेत्र के सैकड़ों आदिवासी विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं तथा शैक्षणिक वर्ष 2025-26 की स्वयं योजना के तहत लंबित डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) निधि के तत्काल वितरण को लेकर सांसद बलवंत वानखडे ने आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर चर्चा की. बैठक में मेलघाट के विद्यार्थियों को शिक्षा से संबंधित विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, इस ओर ध्यान आकर्षित किया गया.
सांसद वानखडे ने अधिकारियों से मांग की कि लंबित डीबीटी निधि का वितरण शीघ्र किया जाए तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए. उन्होंने आदिवासी विकास विभाग के आयुक्त से आग्रह किया कि अगले सात दिनों के भीतर इस संबंध में ठोस निर्णय लेकर विद्यार्थियों के हित में आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि उनकी शिक्षा प्रभावित न हो.
इस अवसर पर बड़ी संख्या में आदिवासी छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं. विद्यार्थियों ने अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं और जल्द समाधान की अपेक्षा व्यक्त की. सांसद वानखडे ने आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा.





