अमरावती से चिखलदरा के लिए हर रविवार चलेगी ‘दर्शन’ बस

12 जुलाई से होगी शुरुआत

अमरावती /दि.10– चिखलदरा घूमने जाने वाले पर्यटकों के लिए महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल ने विशेष पहल करते हुए 12 जुलाई से प्रत्येक रविवार ‘अमरावती-चिखलदरा दर्शन’ बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है.
पर्यटकों की यात्रा को आरामदायक और यादगार बनाने के लिए इस सेवा में आधुनिक बीएस श्रेणी की नई ‘लालपरी’ बस चलाई जाएगी. बस को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा तथा सफर के दौरान साउंड सिस्टम के माध्यम से मनोरंजन की भी व्यवस्था रहेगी. यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बस पर विशेष रूप से नशामुक्त चालक और परिचालक की नियुक्ति की गई है. चिखलदरा पहुंचने के बाद पर्यटकों को गार्डन पॉइंट, देवी पॉइंट, किला पॉइंट, लेक पॉइंट, पंचबोल पॉइंट और भीमकुंड पॉइंट जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा. यह विशेष बस प्रत्येक रविवार सुबह 8 बजे अमरावती से धामणगांव मार्ग होते हुए चिखलदरा के लिए रवाना होगी, जबकि शाम 5 बजे चिखलदरा से वापसी करेगी. महामंडल के विभाग नियंत्रक ने पर्यटकों से इस विशेष सेवा का लाभ उठाने की अपील की है. साथ ही अधिक जानकारी एवं आरक्षण के लिए यात्रियों से अपने निकटतम एसटी आगार प्रबंधक से संपर्क करने का अनुरोध किया गया है.

Back to top button