सडक दुरूस्ती हेतु 20 को सेना उबाठा का भीख मांगो आंदोलन

पूर्व पार्षद प्रदिप बाजड ने दी चेतावनी, मनपा आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

अमरावती/दि.10 – स्थानिय डॉ. पंजाबराव देशमुख चौक से कलेक्टर ऑफिस व आरटीओ कार्यालय की ओर जानेवाली सडक पर हमेशा ही बडे पैमाने पर वाहनों की आवाजाही रहती है. परंतु इसके बावजूद इस मार्ग पर विगत 6 माह से स्थित गड्डे की दुरूस्ती नहीं की गई है. जिसकी दुरूस्ती के लिए अब तक कई बार मनपा प्रशासन का ध्यान दिलाया जा चुका है. लेकिन इस पर कभी कोई अपेक्षित प्रतिसाद नहीं मिला. ऐसे में अब यदि जल्द ही इस रास्ते पर स्थित गड्डे और क्षतिग्रस्त रोड डिवायडर की दुरूस्ती नहीं की जाती है तो शिवसेना उबाठा के पदाधिकारियों द्वारा भीख मांगो आंदोलन करते हुए मनपा प्रशासन को संकलित निधी प्रदान की जाएगी. ताकि उस रकम से मनपा प्रशासन द्वारा उक्त सडक की दुरूस्ती का काम किया जा सके. इस आशय की चेतावनी वाला निवेदन पूर्व पार्षद प्रदिप बाजड द्वारा मनपा आयुक्त के नाम जारी किए गए निवेदन में किया गया.
सौंपे गए निवेदन में बताया गया कि, डॉ. पंजाबराव देशमुख चौक से कलेक्टर ऑफिस की ओर जानेवाले रास्ते पर जलापूर्ति की बडी पाईपलाईन करीब 6 माह पहले फूट गई थी. जिसकी दुरूस्ती करने हेतु डिवायडर व सडक की खुदाई की गई थी और उससे निकला मलबा रास्ते पर पहले से मौजूद गड्डे में भर दिया गया था. लेकिन पाईप लाईन की दुरूस्ती के बाद खुदाई किए गए रास्ते व डिवायडर की दुरुस्ती नहीं की गई. जिसके चलते खुदाई से निकला मलबा अब भी उसी गड्डे में पडा हुआ है और वाहनों की आवाजाही की वजह से सडक पर इधर-उधर फैल रहा है. क्योंकि इस समय बारिश का मौसम शुरू हो गया है. जिसके चलते तकलिफ और समस्या काफी अधिक बढ गई है और इस सडक पर आने-जानेवाले लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड रहा है.
पूर्व पार्षद प्रदिप बाजड के मुताबिक, पाईपलाईन दुरूस्ती का काम पूरा होने के बाद अगले एक माह के भीतर खोदी गई सडक व तोडे गए रोड डिवायडर की दुरूस्ती का उक्त सडक से यातायात को सुचारू करना जरूरी व आवश्यक था. परंतु मनपा प्रशासन ने अपने पास निधी नहीं रहने की बात कहते हुए अपनी जिम्मेदारी से हाथ झटक लिया. साथ ही स्थानिय जनप्रतिनिधियों द्वारा भी इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा. ऐसे में शिवसेना उबाठा के पदाधिकारियों ने खुद शहरवासियों के सामने हाथ फैलाकर भीख मांगते हुए इस रास्ते की दुरूस्ती के लिए पैसा जमा करने का निर्णय लिया है. जिसके तहत आगामी सोमवार 20 जुलाई को सुबह 10 बजे डॉ. पंजाबराव देशमुख चौक से कलेक्टर ऑफिस की ओर जानेवाले रास्ते पर शिवसेना उबाठा के पदाधिकारियों व शिवसैनिकों द्वारा भीख मांगो आंदोलन किया जाएगा.

Back to top button