नींद में सो रहे छोटे भाई पर जानलेवा हमला
आरोपी बडे भाई पर मामला दर्ज

* गाडगे नगर थाना क्षेत्र के भीम नगर की घटना
अमरावती/दि.10 – घर के बाहर सो रहे छोटे भाई पर बडे भाई ने लोहे के रॉड से जानलेवा हमला कर गंभीर रुप से घायल कर दिया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी बडे भाई के खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह घटना गाडगे नगर थाना क्षेत्र के भीम नगर में 9 जुलाई की रात घटित हुई. हमले में घायल युवक का नाम गजानन सुभाष बनसोड है. जबकि आरोपी का नाम शंकर सुभाष बनसोड है.
जानकारी के मुताबिक जख्मी गजानन बनसोड की मां माया सुभाष बनसोड (58) ने पुलिस में दर्ज की शिकायत में बताया है कि, उसका जख्मी बेटा गजानन बनसोड यह भीम नगर में बाजू के घर में सो रहा था, उसे देखने के लिए उसकी मां जा रही थी, तब बडा बेटा शंकर बनसोड वहां पहुंचा. उसने अपने भाई गजानन को देखकर विवाद शुरु किया और घर न आने की बात कहते हुए गालीगलौज कर लोहे की रॉड से उसके सिर पर मारपीट की. इस हमले में गजानन गंभीर रुप से घायल हो गया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शंकर बनसोड के खिलाफ बीएनएस की धारा 118 (2), 352 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





