जन्म से दृष्टिहीन बेटे की मौत, पत्नी को कुएं में धकेलने का आरोप

पति और सास हिरासत में, जलगांव जिले की घटना

जलगांव/दि.14- महाराष्ट्र के जलगांव जिले के यावल तहसील स्थित किनगांव गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति और सास ने उसे और उसके साढ़े तीन वर्षीय दृष्टिहीन बेटे को खेत के कुएं में धक्का दे दिया. हादसे में मासूम की मौत हो गई, जबकि महिला ने कुएं में मौजूद लकड़ी के सहारे अपनी जान बचा ली. फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला और बच्चा कुएं में गिर गए हैं. शुरुआती जांच में इसे दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन बच्चे के अंतिम संस्कार के बाद महिला के बयान से मामला पूरी तरह बदल गया. महिला ने पुलिस को बताया कि गर्भावस्था के दौरान जांच में पता चला था कि होने वाला बच्चा दृष्टिहीन होगा. इसके बाद उसके पति ने कई बार गर्भपात कराने का दबाव बनाया, लेकिन उसने बच्चे को जन्म देने का फैसला किया. महिला का आरोप है कि बेटे के जन्म के बाद इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता रहा. महिला का कहना है कि घटना वाले दिन पति और सास उसे खेत में स्थित कुएं की पूजा कराने के बहाने ले गए और फिर उसे तथा उसके बेटे को कुएं में धक्का दे दिया. महिला किसी तरह बच गई, लेकिन मासूम की मौत हो गई. पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर पति स्वप्निल भागवत पाटिल और सास आशाबाई भागवत पाटिल को हिरासत में ले लिया है. दोनों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.

Back to top button