घर पर भूल गए रेलवे का काउंटर टिकट? घबराएं नहीं

नियमों के तहत कर सकेंगे यात्रा

नागपुर /दि.16- यदि आपने रेलवे आरक्षण काउंटर से खरीदा गया मूल आरक्षित टिकट घर पर ही भूल गए हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. भारतीय रेलवे के नियमों के अनुसार, ऐसी स्थिति में भी निर्धारित प्रक्रिया अपनाकर यात्रा जारी रखी जा सकती है.
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के अनुसार, यदि यात्री अपना काउंटर से लिया गया मूल टिकट घर पर भूल जाता है, तो उसके परिजन उस टिकट को संबंधित स्टेशन के स्टेशन मास्टर के पास प्रस्तुत कर सकते हैं. स्टेशन मास्टर टिकट का सत्यापन कर अगले स्टेशन के अधिकारियों को आवश्यक सूचना भेजता है, जिसके आधार पर संबंधित टीटीई यात्री को यात्रा जारी रखने में सहायता करता है. रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा केवल रेलवे आरक्षण काउंटर से जारी मूल आरक्षित टिकटों पर लागू होती है. आईआरसीटीसी से बुक किए गए ई-टिकट पर यह प्रक्रिया लागू नहीं होती. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यदि यात्रा के दौरान टिकट भूल जाने का पता चले, तो तुरंत ट्रेन में मौजूद टीटीई को इसकी जानकारी दें और अपने परिजनों से मूल टिकट संबंधित स्टेशन के स्टेशन मास्टर के पास जमा कराने को कहें. किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क कर सकते हैं.

Back to top button