आदिवासी छात्रों की समस्याओं पर सांसद वानखडे का प्रशासन पर कड़ा रुख
शैक्षणिक सुविधाओं की कमी और अधिकारियों की उदासीनता पर जतायी नाराजी

अमरावती/दि.17– अमरावती जिले के आदिवासी छात्रों और उनके अभिभावकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सांसद बलवंत वानखडे ने अपर आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय में अधिकारियों से मुलाकात कर प्रशासन को कठघरे में खड़ा किया.
बैठक में आदिवासी स्कूलों के स्थानांतरण, छात्रों को पर्याप्त शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध न होने तथा आदिवासी परियोजना कार्यालय द्वारा छात्रों और अभिभावकों की मांगों की लगातार अनदेखी जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई. हालांकि, अपर आयुक्त की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सांसद वानखडे ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से जवाब-तलब किया. उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि 2 से 3 दिनों के भीतर जिन समस्याओं का समाधान संभव है, उनका तत्काल निराकरण किया जाए. साथ ही मेलघाट क्षेत्र के आदिवासी स्कूलों के स्थानांतरण के मामले की जांच कराने के भी निर्देश दिए. इस दौरान अपर आयुक्त गोलाईत, पूर्व मंत्री वसंतराव पुरके, धारणी कृषि उपज बाजार समिति के सभापति रोहित पटेल, विठ्ठलराव मरापे, विजय मुंडाले, अर्जुन एनावते सहित आदिवासी संगठनों के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में आदिवासी छात्र और उनके अभिभावक उपस्थित रहे.





