तेज रफ्तार कार की भैंस से टक्कर, चालक और भैंस की मौत
दो युवक गंभीर घायल, एक्सप्रेस हाईवे के इस्कॉन मंदिर के पास की घटना

अमरावती/दि.17- शहर के सुपर हाईवे पर इस्कॉन मंदिर के सामने बुधवार रात एक तेज रफ्तार कार की भैंस से जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में कार चालक और भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में मृत युवक का नाम लुंबिनी नगर निवासी गणेश लोकनारायण है.
जानकारी के मुताबिक मृतक गणेश लोकनारायण यह अपने दो साथियों के साथ स्विफ्ट डिजायर क्रमांक एमएच-29/एडी-3850 से नागपुर की ओर से बडनेरा की दिशा में जा रहे थे. इसी दौरान राजापेठ थाना क्षेत्र में इस्कॉन मंदिर के सामने सड़क पार कर रही भैंस से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक गणेश लोकनारायण और भैंस की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना में घायल दोनों युवकों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. घटना की सूचना मिलते ही राजापेठ पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की. जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के परिजन बड़ी संख्या में पहुंचे. पुलिस ने समझाइश देकर शव का पोस्टमार्टम कराया. मामले की जांच जारी है.





