अकोला में 9 बीज कंपनियों के खिलाफ 10 स्थानों पर एफआईआर दर्ज
सोयाबीन बीज अंकुरण मामले में बड़ी कार्रवाई

* किसानों की शिकायत के बाद कृषि विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
अकोला/दि.20– सोयाबीन बीजों के कम अंकुरण की किसानों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अकोला जिले में कृषि विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है. शनिवार को जिले के विभिन्न पुलिस थाना क्षेत्रों में 9 बीज उत्पादक कंपनियों के खिलाफ 10 स्थानों पर एफआईआर दर्ज की गई. कृषि विभाग के अनुसार, संबंधित कंपनियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955, बीज नियम 1968, बीज नियंत्रण से जुड़े प्रावधानों तथा बीएनएस की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई की गई है.
यह अभियान निविष्ठा एवं गुणवत्ता नियंत्रण के संचालक सुनील बोरकर और मुख्य गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक प्रवीण देशमुख के निर्देश पर, विभागीय कृषि सह-संचालक गणेश घोरपड़े के मार्गदर्शन में चलाया गया. इस कार्रवाई में जिलाधिकारी वर्षा मीना और पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक का भी सक्रिय सहयोग रहा. कार्रवाई की निगरानी जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी डॉ. मुरली इंगले, कृषि उपसंचालक हरिष देशमुख, कृषि विकास अधिकारी डॉ. तुषार जाधव, तकनीकी अधिकारी (गुणवत्ता नियंत्रण) नितीन लोखंडे, श्री सालके, श्री दांडगे तथा कृषि विभाग और जिला परिषद के अधिकारियों ने की.
* इन बीज कंपनियों के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
ओसवाल सीड्स, विगर सीड्स, इगल सीड्स, एश्योर सीड्स, इनोवेज (पार्शव जेनेटिक) सीड्स, ग्रीन गोल्ड सीड्स, दफ्तरी सीड्स, अंकुर सीड्स, बाफना सीड्स आदि का समावेश है. कृषि विभाग ने कहा है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. साथ ही किसानों से अपील की गई है कि बीजों की गुणवत्ता संबंधी किसी भी शिकायत की सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें, ताकि समय पर जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा सके.