अकोला में मंदिर से पवित्र चरणपादुकाएं चोरी, श्रद्धालुओं में रोष
आरोपी की गिरफ्तारी की मांग, सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध

* उरल पुलिस ने शुरू की जांच, मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अकोला/दि.20- अकोला जिले के उरल पुलिस थाना क्षेत्र स्थित वझेगांव के प्रसिद्ध श्री रामचंद्र महाराज संस्थान से पवित्र चरणपादुकाओं की चोरी का मामला सामने आया है. इस घटना से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. धार्मिक आस्था के केंद्र माने जाने वाले मंदिर में हुई चोरी ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
जानकारी के मुताबिक अज्ञात व्यक्ति मंदिर परिसर में प्रवेश कर पूजनीय चरणपादुकाएं चोरी कर फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां कैद हुई हैं. फुटेज के आधार पर उरल पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और चोरी की घटना की कड़ी निंदा की. श्रद्धालुओं का कहना है कि यह केवल चोरी नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाली घटना है. उन्होंने पुलिस से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी हुई पवित्र चरणपादुकाओं की बरामदगी की मांग की है.
स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है. उनका कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि अब वे धार्मिक स्थलों को भी निशाना बना रहे हैं. ग्रामीणों ने मंदिरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा बढ़ाने तथा नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है. उरल पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.





