सर्राफा व्यवसायी को गोली मारकर 12 लाख लूटे
तीन नकाबपोश आरोपी फरार

* घायल व्यवसायी का नागपुर में उपचार जारी
खापरखेड़ा /दि.24- दहेगांव रंगारी में गुरुवार रात सर्राफा व्यवसायी को गोली मारकर करीब 12 लाख रुपए की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई. तीन नकाबपोश बदमाशों ने सोने-चांदी और नगदी से भरा बैग लूटते समय व्यवसायी के पैर में गोली मार दी और सिर पर धारदार हथियार से हमला कर फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल व्यवसायी मंगेश केशव मारोतकर (35) का नागपुर में उपचार जारी है.
जानकारी के अनुसार, वलनी बस्ती निवासी मंगेश केशव मारोतकर (35) की दहेांच रंगारी स्थित सिद्धिकी कॉम्प्लेक्स में महालक्ष्मी ज्वेलर्स नाम से सोने-चांदी की दुकान है गुरुवार रात करीब 8 बजे वह दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे. पिपला-वलनी मार्ग पर धनगवली बाबा मंदिर के समीप मोड़ पर ट्रिपल सीट मोटरसाइकिल से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया. मंगेश मारोतकर ने पुलिस को बताया कि बदमाश कुछ दूरी से उनका पीछा कर रहे थे. तीनों ने अपने चेहरे काले रंग के दुपट्टों से ढक रखे थे. आरोपियों ने उनके पास मौजूद बैग छीनने का प्रयास किया, विरोध करने पर एक बदमाश ने उनके पैर में गोली मार दी, जबकि दूसरे ने धारदार हथियार से सिर पर हमला कर दिया, वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बैग लेकर उसी रास्ते से यू-टर्न कर फरार हो गए. पीड़ित के अनुसार, लूटे गए बैग में करीब 10 लाख रुपए की चांदी, लगभग डेढ़ लाख रुपए के सोने के आभूषण तथा 35 हजार रुपए नगदी थे. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल मंगेश को दहेगांव रंगारी के अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नागपुर रेफर किया गया. उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही खापरखेड़ा पुलिस और अपराध शाखा की यूनिट क्रमांक-6 मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक खाली कारतूस बरामद किया. देर रात पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे पाटिल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों की आवश्यक दिशा-निर्देश दिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है.
उल्लेखनीय है कि इससे पहले पिपला डाक बंगला क्षेत्र और पाटणसावंगी थाना क्षेत्र में भी सर्राफा व्यवसायियों को निशाना बनाकर गोली मारकर लूट की घटनाएं हो चुकी है. खापरखेड़ा थाना के नागपुर शहर पुलिस आयुक्तालय में शामिल होने के बाद इस तरह की यह पहली बड़ी वारदात है, जिससे आरोपियों का जल्द पता लगाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.





