रीवा-इतवारी एक्सप्रेस को अकोला तक बढ़ाने की मांग तेज
रेलवे पैसेंजर एसोसिएशन ने विदर्भ-मध्य प्रदेश के बीच सीधी रेल सेवा की उठाई मांग

अकोला/दि.25- रेलवे पैसेंजर एसोसिएशन ने रीवा-इतवारी (नागपुर) एक्सप्रेस का विस्तार अकोला तक करने की मांग की है. संगठन का कहना है कि इससे विदर्भ और मध्य प्रदेश के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी तथा नागपुर में कई घंटों तक खाली खड़े रहने वाले ट्रेन रेक का बेहतर उपयोग हो सकेगा.
एसोसिएशन के अनुसार, वर्तमान में इस ट्रेन के दोनों रेक नागपुर में लंबे समय तक निष्क्रिय रहते हैं. यदि इसी समय का उपयोग कर ट्रेन को अकोला तक बढ़ाया जाए तो अतिरिक्त रेक की आवश्यकता नहीं पड़ेगी. प्रस्तावित विस्तार से अकोला, बडनेरा, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सतना, मैहर और रीवा के बीच सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी. फिलहाल इस मार्ग के यात्रियों को नागपुर में ट्रेन बदलनी पड़ती है, जिससे समय और असुविधा दोनों बढ़ते हैं. संगठन का कहना है कि ट्रेन के विस्तार से छात्रों, व्यापारियों, सरकारी कर्मचारियों, धार्मिक यात्रियों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी. साथ ही विदर्भ और मध्य प्रदेश के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा.
* प्रस्तावित समय-सारिणी
प्रस्ताव के अनुसार, ट्रेन सुबह 7.40 बजे इतवारी से रवाना होकर 7.50 बजे नागपुर, 10.55 बजे बडनेरा और 11.50 बजे अकोला पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन दोपहर 1.15 बजे अकोला से रवाना होकर नागपुर होते हुए इतवारी पहुंचेगी. प्रस्तावित विस्तार में मूर्तिजापुर, चांदूर, धामणगांव, पुलगांव और वर्धा में ठहराव का भी सुझाव दिया गया है. रेलवे पैसेंजर एसोसिएशन ने अकोला और अमरावती के जनप्रतिनिधियों तथा रेलवे प्रशासन से इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है.





