बुलढाणा में आसमान से बरसी आफत
दीवार गिरने से वृद्ध महिला की मौत

* 24 घंटे में अतिवृष्टि का कहर, नदियां उफान पर
बुलढाणा/दि.31- महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई अभूतपूर्व बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. लंबे समय तक सामान्य से कम वर्षा झेलने वाले जिले में गुरुवार रात मौसम ने अचानक विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरा जिला जलमग्न हो गया. कई क्षेत्रों में बादल फटने जैसी स्थिति बनी, नदियां और नाले उफान पर आ गए, सड़क संपर्क बाधित हो गया तथा हजारों किसानों की खड़ी फसलें पानी में डूब गईं.
* शेगांव में दीवार गिरने से वृद्ध महिला की मौत
लगातार बारिश के बीच जिले से एक दुखद हादसा भी सामने आया है. शेगांव शहर के फुलेनगर क्षेत्र में एक मकान की दीवार ढह जाने से 85 वर्षीय वृद्ध महिला सरस्वती गोटीराम पल्हाडे की मौत हो गई. बताया जाता है कि लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवार कमजोर हो गई थी. देर रात अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और उसके मलबे में महिला दब गईं. स्थानीय नागरिकों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
* खेत बने तालाब, खरीफ फसलों पर संकट
बारिश का सबसे बड़ा असर कृषि क्षेत्र पर पड़ा है. लाखों हेक्टेयर क्षेत्र में बोई गई सोयाबीन, कपास, तुअर और अन्य खरीफ फसलें पानी में डूब गई हैं. कई गांवों में खेतों का स्वरूप तालाब जैसा हो गया है. किसानों को आशंका है कि यदि अगले कुछ दिनों तक पानी नहीं निकला तो फसलों को भारी नुकसान हो सकता है. कृषि विभाग और राजस्व प्रशासन नुकसान का प्राथमिक आकलन करने में जुट गए हैं. किसानों ने सरकार से तत्काल सर्वेक्षण और सहायता की मांग की है.
* नदियां उफान पर, कई मार्गों पर यातायात प्रभावित
जिले में हुई भारी वर्षा के कारण कई नदियां और नाले खतरे के निशान के करीब पहुंच गए हैं. अनेक ग्रामीण मार्गों पर पानी बहने से यातायात प्रभावित हुआ है. प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.





