यवतमाल में सुपारी किलिंग, वाशिम से 8 दबोचे
अप्रैल में मिली थी लाश

* खंडाला पुलिस ने सघन जांच से किया पर्दाफाश
यवतमाल /दि.8- पुसद तहसील अंतर्गत खंडाला थाना क्षेत्र में सत्तारमल जंगल एरिया में विगत 4 अप्रैल को मिले अज्ञात के शव प्रकरण में स्थानीय अपराध शाखा ने मृतक की पहचान करने के साथ बडा खुलासा किया है. यह मामला सुपारी किलिंग का बताया जाता है. पुलिस ने वाशिम और हिंगोली से 8 लोगों को बंदी बनाया है.
पुलिस ने बताया कि, मृतक का नाम मंगेश उर्फ काल्या अर्जुन मानवर (35) है. वह हिंगोली के सिद्धार्थ नगर का रहनेवाला था. उसकी हत्या के जुर्म में पकडे गए आरोपियों में ज्ञानेश्वर मोहनसिंह राठोड (हिंगोली), राहुल उर्फ महाराज मुकिंदा लोखंडे, श्रावण तुकाराम भावल (दोनों उमरी, जि. वाशिम निवासी), सोमनाथ संगीत हजारे, विशाल अर्जुन राठोड (दोनों शेंदोना, जि. वाशिम निवासी), अर्जुन अशोक शेलके (उमरी खुर्द), दीपक लक्ष्मण जाधव (मंगकिन्ही, तह. दारव्हा) और शुक्रधन उर्फ सिद्धार्थ संतोष जाधव (दिग्रस) शामिल है.
पुलिस ने बताया कि, अपराध शाखा और पुसद पुलिस ने शव पाए जानेवाले क्षेत्र में बडी छानबीन की थी. जिसमें देशी शराब की बोतले, मुंग दाल के खाली पैकेट और खास ब्रांड की पानी की बोतले बरामद की गई थी. इन सभी के बैच नंबर के आधार पर पुलिस ने तहकीकात शुरु की. जिसमें पता चला कि, उक्त उत्पाद हिंगोली जिले में बेचे गए हिंगोली, परभणी और वाशिम जिले में अपराध शाखा ने बडी बारीकी से छानबीन की, तो आरोपी मंगेश उर्फ काल्या पुलिस के हाथ लगा. हिंगोली से उसे दबोचकर पुलिस ने पूछताछ शुरु की.
गुप्त जांच में पुलिस को पता चला कि, अजय भालेराव, राधा भालेराव और बब्बू शेख ने हत्या के लिए ज्ञानेश्वर राठोड को सुपारी दी थी. उसे 60 हजार रुपए दिए गए थे. पूछताछ के लिए हिरासत में लेते ही राठोड ने सभी के नाम और संपूर्ण घटनाक्रम बता दिया. यह कार्रवाई एसपी कुमारचिंता, अतिरिक्त एसपी अशोक थोरात, एसडीपीओ पुसद अमर मोहिते और अपराध शाखा निरीक्षक सतीश चवरे और उनके दल ने बडी मशक्कत से की. आरोपियों को कोर्ट में प्रस्तुत कर कस्टडी रिमांड लिया जा रहा है.