मन नदी में बैलगाड़ी पलटी, युवक बहा, चार बैलों की डूबने से मौत

अकोला/दि.8 – जिले के लोहारा क्षेत्र में मन नदी का पात्र पार करते समय शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया. खेत का काम निपटाकर बैलगाड़ी से घर लौट रहे शाहिद आसिफ देशमुख (28) लोहारा नदी के तेज बहाव में बह गए. उनका अब तक पता नहीं चल सका है और उनकी तलाश जारी है. वहीं बैलगाड़ी में जुते दो तथा पीछे बांधे गए दो, ऐसे कुल चार बैलों की डूबने से मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक शाहिद देशमुख शुक्रवार सुबह चार बैलों और बैलगाड़ी के साथ खेत में काम करने गए थे. दोपहर करीब एक बजे काम पूरा करने के बाद वे घर लौट रहे थे. घर पहुंचने के लिए उन्हें मन नदी का पात्र पार करना था. नदी में पानी का तेज बहाव होने के साथ ही रेत उत्खनन के लिए मशीनों से खोदे गए गहरे गड्ढे भी मौजूद थे. इसी दौरान बैलगाड़ी गहरे गड्ढे में चली गई और अचानक पलट गई. हादसे में बैलगाड़ी से जुड़े दो बैल और पीछे बांधे गए दो अन्य बैल पानी में डूब गए. चारों बैलों की मौत हो गई. बाद में उनके शव पानी से बाहर निकाले गए.
* तेज बहाव में युवक भी बहा
बैलगाड़ी पलटने के दौरान शाहिद देशमुख भी पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक और प्रशासन मौके पर पहुंचे तथा युवक की तलाश शुरू की गई. समाचार लिखे जाने तक शाहिद का कोई पता नहीं चल पाया था.
* रेत उत्खनन से बने गड्ढों पर सवाल
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि मन नदी में बड़े पैमाने पर किए गए रेत उत्खनन के कारण नदी के पात्र में गहरे गड्ढे बन गए हैं. इन्हीं गड्ढों के कारण यह हादसा हुआ. नागरिकों ने नदीपात्र में किए गए रेत उत्खनन की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. घटना के बाद लोहारा परिसर में शोक का माहौल है.