मुंढे साहब, एक बार बुलढाणा भी आइए…
75 वर्षीय दादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

* तेल से लेकर सब्जियों तक मिलावट का लगाया आरोप
बुलढाणा/दि.13 – महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सुर्खियों में आए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) आयुक्त तुकाराम मुंढे को अब बुलढाणा की एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने सीधे मैदान में उतरने की गुहार लगाई है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दादी ने भावुक और बेबाक अंदाज में कहा है, मुंढे साहब, एक बार बुलढाणा और खामगांव भी आइए, यहां तेल से लेकर सब्जियों तक हर चीज में मिलावट हो रही है. दादी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे जनता की सीधी पुकार बता रहे हैं.
* यहां के अधिकारी सिर्फ पैसे खाते हैं
वीडियो में बुजुर्ग महिला ने स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में खाद्य पदार्थों में बड़े पैमाने पर मिलावट हो रही है, लेकिन संबंधित अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं. उन्होंने कहा, दुकानों में बिकने वाले तेल से लेकर केले, पपीते और सब्जियों तक में रासायनिक पदार्थों का इस्तेमाल किया जा रहा है. यहां के अधिकारी सिर्फ पैसे खाते हैं और चुप बैठे रहते हैं. आम लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा है.
* सरकारी अस्पतालों पर भी उठाए सवाल
बुजुर्ग महिला ने केवल खाद्य मिलावट का ही मुद्दा नहीं उठाया, बल्कि स्थानीय सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए. उनका कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं में भी कई अनियमितताएं हैं, लेकिन कोई जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा. उन्होंने तुकाराम मुंढे से आग्रह किया कि वे स्वयं बुलढाणा आकर हालात का जायजा लें और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें.
* मुंढे पैटर्न की चर्चा गांव-गांव तक
एफडीए आयुक्त बनने के बाद तुकाराम मुंढे ने राज्यभर में मिलावटी पनीर, नकली दूध, प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और अस्वच्छ होटल-रेस्तरां के खिलाफ लगातार कार्रवाई की है. उनकी कार्यशैली को लेकर आम जनता में भरोसा बढ़ा है. यही कारण है कि अब ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी स्थानीय तंत्र के बजाय सीधे मुंढे से कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं. बुलढाणा की इस दादी का वीडियो इसी बढ़ते भरोसे का उदाहरण माना जा रहा है.
* सोशल मीडिया पर मिल रहा समर्थन
वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में सोशल मीडिया उपयोगकर्ता दादी की मांग का समर्थन कर रहे हैं. कई लोगों ने टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि आरोप सही हैं तो संबंधित विभागों को तत्काल जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए. फिलहाल यह वीडियो पूरे महाराष्ट्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या तुकाराम मुंढे की टीम बुलढाणा में भी कोई विशेष जांच अभियान चलाती है या नहीं.





