ट्रेनों से हो रही सोने की तस्करी

दुरंतो से सवा किलो गोल्ड जब्त

* सप्ताहभर में दूसरा वाकया
नागपुर/दि.14 – राजस्व गुप्तचर संचालनालय डीआरआई ने आरपीएफ अपराध शाखा के साथ मिलकर गुरुवार आधी रात के बाद हावडा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस के कोच नं. बी-12 से करीब सवा किलो सोना जब्त किया. सोने के 7 बिस्कीट और रॉड जब्त की गई. जिसका कुल वजन 1 किलो 242 ग्राम रहा. यह कीमती धातु विदेश से चोरी-छिपे लाए जाने की जानकारी देते हुए डीआरआई ने बताया कि, जब्त माल का मूल्य 1 करोड 96 लाख 34 हजार है. पिछले सप्ताह डीआरआई ने करीब 3 करोड मूल्य का 2 किलो 100 ग्राम सोना ट्रेन के रास्ते मुंबई की ओर ले जाते पकडा था. स्पष्ट है कि, गोल्ड तस्कर ट्रेन के माध्यम से सोने की तस्करी त्यौहारी सीजन में कर रहे हैं.
पुलिस ने बताया कि, गुरुवार रात सवा किलो सोने के साथ दो लोगों को पकडा गया है. आरोपियों के विरुद्ध कस्टम एक्ट 1962 की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया. उनसे सघन पूछताछ की जा रही है. उन्होंने कहां से सोना लाया और कहां डिलेवरी दी जानी थी, इस बारे में पूछताछ और जांच हो रही है. डीआरआई की सतर्कता के कारण करोडों के माल की तस्करी रोकी गई है.

Back to top button