मां ने 24 दिन के बच्चे को गोद में लेकर तालाब में लगाई छलांग, दोनों की मौत
मोर्शी तहसील के अंबाडा की घटना

* सुबह घर से दोनों थे लापता
मोर्शी /दि.21- मोर्शी तहसील के अंबाडा गांव में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. 35 वर्षीय महिला ने अपने महज 24 दिन के बच्चे को गोद में लेकर त्रिवेणी तालाब में छलांग लगा दी. इस घटना में महिला और उसके नवजात बेटे की मौत हो गई. मृतका का नाम दर्यापुर तहसील के सावंगा निवासी पूजा प्रवीण डाहे (35) है.
जानकारी के मुताबिक पूजा की शादी करीब छह वर्ष पहले प्रवीण हरिदास डाहे (40) से हुई थी. दंपती के चार बच्चे हैं. पूजा करीब तीन महीने पहले प्रसव के लिए अंबाडा निवासी अपने भाई दिनेश नंदाने के यहां आई थी. 26 जुलाई को मोर्शी उपजिला अस्पताल में उसने एक बेटे को जन्म दिया था.
* सुबह घर से दोनों थे गायब
परिजनों के मुताबिक प्रसव के बाद कुछ दिनों तक पूजा की स्थिति सामान्य थी और वह अपने पति से फोन पर बातचीत भी करती थी. बुधवार सुबह करीब 6 बजे दिनेश की पत्नी संजीवनी ने परिवार के लोगों को बताया कि पूजा के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद है. दरवाजा खोलने पर पूजा और उसका नवजात बच्चा कमरे में नहीं मिले. इसके बाद परिवार ने आसपास के इलाके और गांव के नजदीक खेतों में दोनों की तलाश शुरू की. तलाश के दौरान पूजा का शव त्रिवेणी तालाब की दीवार के पास पानी में मिला.
* जाल डालकर बच्चे की तलाश
पूजा का शव मिलने के बाद बच्चे की भी झील में तलाश शुरू की गई. मछुआरे अरुण कुरवाडे और उनके साथियों की मदद से झील में जाल डाला गया. काफी तलाश के बाद बच्चे का शव भी तालाब में कुछ दूरी पर मिला.
* मानसिक स्थिति को लेकर परिजनों ने दी जानकारी
पूजा के भाई दिनेश नंदाने ने पुलिस को बताया कि बच्चे के जन्म के बाद उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. वह कई बार अकेले में बड़बड़ाती थी और पहले भी घर से बाहर निकलने की कोशिश कर चुकी थी. परिजनों ने इस मामले में किसी पर संदेह नहीं जताया है. मोर्शी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. थानेदार राहुल आठवले के मार्गदर्शन में घटना की आगे जांच की जा रही है.





