9 करोड़ रुपये के एंटी-कैंसर दवा रैकेट का भंडाफोड़
7 राज्यों से 17 गिरफ्तार

नई दिल्ली/दि.21 – दिल्ली की क्राइम ब्रांच ने करीब 9 करोड़ रुपये की एंटी-कैंसर दवाओं के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है. कार्रवाई के दौरान सात राज्यों से जुड़े 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने कैंसर के उपचार में इस्तेमाल होने वाली जीवनरक्षक दवाओं की सैकड़ों शीशियां भी बरामद की हैं.
एक अधिकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई के दौरान कैंसर की दवाओं की 588 भरी हुई शीशियां, छह खाली शीशियां, दवाओं के सात खाली डिब्बे और अन्य दवाओं की 3,021 यूनिट जब्त कीं. इसके अलावा आरोपियों के पास से 50 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं. जब्त की गई दवाओं में दारझालेक्स, इम्फिन्जी, एरबिटक्स, ओपडायटा, गैझायवा, बावेंसियो, एडसेट्रिस और कित्रुडा जैसी महंगी दवाएं शामिल हैं. इन दवाओं का इस्तेमाल विभिन्न प्रकार के कैंसर के उपचार में किया जाता है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों, दवाओं की आपूर्ति के स्रोत और इनके वितरण नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. इतनी बड़ी मात्रा में एंटी-कैंसर दवाओं की बरामदगी से इस अवैध नेटवर्क के व्यापक होने की आशंका जताई जा रही है.





