हर शनिवार शिकायत निवारण दिवस में 212 शिकायतों का समाधान
नागरिकों का मिल रहा प्रतिसाद

अमरावती/दि.24- अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने ग्रामीण पुलिस यूनिट के सभी पुलिस थानों में प्रत्येक शनिवार को शिकायत निवारण दिवस आयोजित करने के निर्देश दिए हैं. इस दिन थानेदारों को नागरिकों की शिकायतें ध्यानपूर्वक सुनकर उन पर तत्काल कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं.
इसी के तहत शनिवार 22 अगस्त को पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम अचलपुर पुलिस स्टेशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ चांदूर बाजार पुलिस स्टेशन में उपस्थित रहे. वहीं संबंधित विभागों के उपविभागीय पुलिस अधिकारी अपने-अपने अधीनस्थ पुलिस थानों में मौजूद रहे. सभी पुलिस थानों के थानेदारों ने भी शिकायत निवारण दिवस के दौरान नागरिकों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान अमरावती ग्रामीण पुलिस यूनिट के विभिन्न पुलिस थानों में नागरिकों की प्राप्त कुल 212 शिकायतों का समाधान किया गया.
पुलिस विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाले शिकायत निवारण दिवस का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं कठिनाइयां लेकर संबंधित पुलिस स्टेशन पहुंचें. पुलिस प्रशासन ने नागरिकों को उनकी शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए इस पहल में सक्रिय रूप से सहभागी होने का आह्वान किया है.





