राज्य महोत्सव गणेशोत्सव स्पर्धा में अधिकाधिक मंडल लें हिस्सा

विभागीय आयुक्त नयना गुंडे ने किया अमरावती संभाग के गणेश मंडलों से आह्वान

अमरावती/दि.28- महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के सार्वजनिक गणेशोत्सव को ‘राज्य महोत्सव’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है. इसके तहत अब उत्कृष्ट सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल प्रतियोगिता तालुका, जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जाएगी. पर्यटन एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से 17 अगस्त 2026 को जारी शासन निर्णय के अनुसार इस भव्य प्रतियोगिता की घोषणा की गई है. अमरावती संभाग के अधिक से अधिक गणेशोत्सव मंडल इस प्रतियोगिता में भाग लें, यह अपील विभागीय आयुक्त नयना गुंडे ने की है.

* 7 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक एवं पात्र गणेश मंडलों को पु. ल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी के पोर्टल सरपशीहेीींर्रीं.श्रिवाज्ञर.ले.ळप के माध्यम से 7 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा. प्रतियोगिता में केवल संबंधित व्यवस्था के तहत पंजीकृत संस्था अथवा अनुमति प्राप्त गणेशोत्सव मंडल ही हिस्सा ले सकेंगे. नए मंडलों को अवसर देने के उद्देश्य से लगातार पिछले दो वर्षों में राज्य या जिला स्तर पर पुरस्कार प्राप्त करने वाले सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल इस वर्ष के पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होंगे. यही शर्त राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शामिल होने वाले मंडलों पर भी लागू होगी. प्रतियोगिता के लिए मंडल द्वारा किए गए कार्यों का मूल्यांकन पिछले वर्ष की अनंत चतुर्दशी से इस वर्ष की अनंत चतुर्दशी तक की अवधि के आधार पर किया जाएगा.

* लाखों रुपये के पुरस्कार
विभिन्न स्तरों पर विजेता मंडलों को तहसील स्तर पर प्रथम पुरस्कार 25 हजार रुपये, जिला स्तर पर प्रथम 50 हजार, द्वितीय 40 हजार, तृतीय 30 हजार रुपये, राज्य स्तर पर प्रथम 7.50 लाख, द्वितीय 5 लाख, तृतीय 2.50 लाख रुपये, राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम 7.50 लाख, द्वितीय 5 लाख, तृतीय 2.50 लाख रुपये, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रथम 7.50 लाख, द्वितीय 5 लाख, तृतीय 2.50 लाख रुपये आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे. इसके अलावा राज्यस्तरीय चयन समिति के पास पहुंचने वाले 36 जिला स्तरीय प्रथम विजेता मंडलों में से राज्य स्तर के शीर्ष तीन विजेताओं को छोड़कर शेष 33 मंडलों को राज्य सरकार की ओर से 50-50 हजार रुपये और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा.

* 100 अंकों के आधार पर होगा मूल्यांकन
उत्कृष्ट गणेशोत्सव मंडलों का चयन 100 अंकों के विभिन्न मानदंडों के आधार पर किया जाएगा. इनमें कला का संरक्षण एवं संवर्धन, संस्कृति का संरक्षण, प्रकृति एवं सार्वजनिक संपत्ति का संरक्षण, सामाजिक कार्य तथा गणेशोत्सव के आयोजन में रचनात्मकता एवं सामाजिक सरोकार शामिल हैं. पर्यावरणपूरक गणेश प्रतिमा एवं सजावट तथा महिलाओं की कम से कम 30 प्रतिशत भागीदारी जैसे उपक्रमों को भी महत्व दिया जाएगा. प्रतियोगिता के विस्तृत नियम, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी के लिए सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों से 17 अगस्त 2026 के शासन निर्णय का अवलोकन करने तथा पु. ल. देशपांडे महाराष्ट्र कला अकादमी के अधिकृत पोर्टल सरपशीहेीींर्रीं.श्रिवाज्ञर.ले.ळप पर जानकारी प्राप्त करने का आह्वान किया गया है. विभागीय आयुक्त नयना गुंडे ने कहा कि समाजाभिमुख और पर्यावरणपूरक गणेशोत्सव आयोजित करने वाले अमरावती संभाग के सभी सार्वजनिक गणेश मंडल इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक और बड़ी संख्या में भाग लें.

Back to top button