दो प्रतिष्ठानों से 11.82 लाख रुपए का मिलावटी तेल जब्त

अकोला में मिलावटी सोयाबीन तेल पर एफडीए की बड़ी कार्रवाई

* दोनों आस्थापनाओं के लाइसेंस निलंबित
* मुंढे की कार्रवाई से तेल कारोबारियों मे हड़कंप
अकोला/दि. 31 – त्यौहारों के सीजन में खाद्य तेल की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए अन्न एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने अकोला में बड़ी कार्रवाई की. एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में औद्योगिक क्षेत्र स्थित दो तेल प्रतिष्ठानों की जांच कर वहां से मिलावट के संदेह में कुल 11 लाख 82 हजार 650 रुपए मूल्य का 7,026.800 किलो रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया गया. जांच के दौरान सामने आई गंभीर अनियमितताओं के चलते दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस अगले आदेश तक निलंबित कर दिए गए हैं.
उल्लेखनीय है कि, त्योहारों के दौरान खाद्य तेल की मांग बढ़ने के साथ ही मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है. इसे देखते हुए ऋऊ- की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत अकोला के औद्योगिक क्षेत्र में दो प्रतिष्ठानों की जांच की गई. पहली कार्रवाई मे. प्रभुदयाल लक्ष्मीनारायण पेढ़ी पर की गई. यहां रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लिए गए. जांच के दौरान खुले तेल की बिक्री, आवश्यक प्रयोगशाला व्यवस्था का अभाव, प्रयोगशाला रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होना, तेल के पुन: उपयोग सहित कई अनियमितताएं सामने आईं. मिलावट के संदेह में 6 लाख 21 हजार 300 रुपए मूल्य का 3,428.400 किलो तेल जब्त किया गया. यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी किशोर बोरचाटे ने की.
दूसरी कार्रवाई औद्योगिक क्षेत्र स्थित भरतकुमार एंड ब्रदर्स प्रतिष्ठान में की गई. यहां भी रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लिए गए. जांच के दौरान मिलावट का संदेह, प्रयोगशाला व्यवस्था अद्यतन नहीं होना, खुले तेल की बिक्री और आवश्यक प्रयोगशाला रिपोर्ट का अभाव जैसी खामियां सामने आईं. इन कमियों के आधार पर 5 लाख 61 हजार 350 रुपए मूल्य का 3,598.400 किलो तेल जब्त किया गया. यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र सोलंके ने की.
एफडीए के अनुसार, दोनों प्रतिष्ठान रिपैकर के रूप में तेल का कारोबार करने के लिए लाइसेंसधारक हैं. हालांकि जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियमों का पालन नहीं किए जाने की जानकारी सामने आई. गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए दोनों के लाइसेंस अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं.
यह कार्रवाई एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे और अमरावती संभाग के सहआयुक्त सचिन केदारे के मार्गदर्शन में की गई. अकोला के सहायक आयुक्त देवानंद वीर ने बताया कि मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान को आगे और व्यापक किया जाएगा तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच जारी रहेगी. जब्त किए गए तेल के नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Back to top button