तेज रफ्तार इनोवा ने 9 वर्षीय बालक को कुचला, मौत
मुंबई के बांद्रा में दर्दनाक हादसा, महिला चालक गिरफ्तार

* मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने का आरोप
मुंबई/दि. 31 – मुंबई के बांद्रा पश्चिम इलाके में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 वर्षीय बालक की मौत हो गई. मेहबूब स्टूडियो के सामने तेज रफ्तार इनोवा कार की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए बालक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. घटना के बाद पुलिस ने कार चला रही महिला को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार यह हादसा रविवार दोपहर करीब 2.15 बजे जॉन बैप्टिस्ट रोड स्थित जिजामाता उद्यान के सामने हुआ. मृतक की पहचान अंश रविंद्र गुप्ता (9) के रूप में हुई है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज गति से आ रही इनोवा कार ने अंश को जोरदार टक्कर मार दी. कार का पहिया उसके सीने के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत अंश को पास के होली फैमिली अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसे के समय कार चला रही महिला मोबाइल फोन पर बातचीत कर रही थी, जिसके कारण वाहन से उसका नियंत्रण हट गया और यह दुर्घटना हुई. हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है.
हादसे के बाद पुलिस ने कार चालक मेघना रावल (45) को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया. मेघना रावल पेशे से फिटनेस कोच और न्यूट्रिशनिस्ट बताई जाती हैं. बांद्रा पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की जांच कर रही है.
इस हादसे में इकलौते बेटे को खोने के बाद गुप्ता परिवार गहरे सदमे में है. घटना के बाद बांद्रा क्षेत्र में लोगों में आक्रोश और शोक का माहौल देखा गया. स्थानीय नागरिकों ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
* जलगांव में भीषण सड़क हादसा, दो की मौत
इधर जलगांव जिले के अमलनेर-गलवाडे मार्ग पर एक अन्य दर्दनाक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार दो लोगों की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार तेज गति से जा रही स्कूटी सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि एक व्यक्ति का सिर और हाथ धड़ से अलग हो गया. मृतकों की पहचान पंडित धाकू भिल (50) और नागो अमृत सपकाले (45, निवासी रंजाणे) के रूप में हुई है. दोनों भंडारे का प्रसाद लेकर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.





