दोस्त की गर्लफ्रेंड से बातचीत को लेकर विवाद, 18 वर्षीय युवक की हत्या

यवतमाल के पिंपलगांव में तड़के घर के बाहर धारदार हथियारों से हमला

* दो नाबालिगों पर वारदात का आरोप
यवतमाल /दि.7– दोस्त की गर्लफ्रेंड से बातचीत को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक 18 वर्षीय युवक की जान चली गई. यवतमाल के पिंपलगांव इलाके में शनिवार, 5 सितंबर की तड़के रोहित वीरेंद्र मेश्राम (18) पर धारदार हथियारों से हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल रोहित ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया. प्रारंभिक पुलिस जांच में हत्या के पीछे प्रेम संबंध और पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है. वारदात को अंजाम देने का आरोप दो नाबालिग लड़कों पर है.
जानकारी के मुताबिक शनिवार तड़के करीब 1 से 1.30 बजे के बीच रोहित अपने घर में सो रहा था. इसी दौरान एक नाबालिग युवक ने उसे फोन कर घर के नीचे बुलाया. आरोपी परिचित होने के कारण रोहित बिना किसी संदेह के घर से बाहर चला गया. काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए. इसी दौरान उन्हें घर के बाहर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं. आवाज सुनकर रोहित का छोटा भाई पार्थ और परिवार के अन्य सदस्य तत्काल घर से बाहर पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि जिस नाबालिग युवक ने रोहित को फोन कर बुलाया था, वह अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उस पर धारदार हथियारों से हमला कर रहा था. हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा था और मदद के लिए गुहार लगा रहा था. परिजनों ने बीच-बचाव का प्रयास करते हुए शोर मचाया. परिजनों को अपनी ओर आते देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए.
* बालाजी पार्क में हुआ था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, हत्या के पीछे कथित तौर पर प्रेम संबंध से जुड़ा विवाद सामने आया है. बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी नाबालिग युवक की गर्लफ्रेंड से रोहित मोबाइल पर बातचीत करता था. कुछ दिन पहले रोहित ने आरोपी को अपनी गर्लफ्रेंड से बातचीत करते हुए देख लिया था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच बालाजी पार्क परिसर में विवाद हुआ था. उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन पुलिस को संदेह है कि इसी घटना के बाद आरोपी के मन में रोहित के प्रति रंजिश पैदा हुई. इसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रचे जाने की आशंका पुलिस जांच में सामने आई है.
* अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया था. परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और शरीर के महत्वपूर्ण हिस्सों पर गंभीर चोटों के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस हत्या के कारण, आरोपियों की भूमिका तथा वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों की जांच कर रही है. चूंकि मामले में दो नाबालिगों पर आरोप हैं, इसलिए पुलिस सभी पहलुओं को गंभीरता से खंगाल रही है.

Back to top button