केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी के घर के सामने किसानों का अनिश्चितकालीन धरना
पूर्व सांसद राजू शेट्टी के नेतृत्व में महाराष्ट्र-कर्नाटक के किसान जुटे

गन्ने के उचित भाव समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन
हुब्बली/दि.29 – गन्ने के उचित मूल्य समेत विभिन्न मांगों को लेकर महाराष्ट्र और कर्नाटक के किसान संगठनों ने केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी के हुब्बली स्थित निवास के सामने धरना आंदोलन शुरू किया है. पूर्व सांसद और स्वाभिमानी किसान संगठन के नेता राजू शेट्टी के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन में बड़ी संख्या में गन्ना उत्पादक किसान शामिल हुए हैं. किसान संगठनों की प्रमुख मांग इस वर्ष के गन्ने का प्रतिटन कम से कम 5,500 रुपये मूल्य निर्धारित करने की है. इसके अलावा चीनी की न्यूनतम कीमत बढ़ाने, इथेनॉल के खरीद मूल्य में वृद्धि करने और किसानों को उत्पादन लागत के आधार पर उचित दर देने की मांग भी रखी गई है.
पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने इससे पहले कहा था कि केंद्र सरकार यदि चीनी मिलों को जल्दी शुरू करना चाहती है, तो किसानों से चर्चा कर उनके खातों में प्रतिटन 500 रुपये की प्रत्यक्ष सहायता देने की व्यवस्था की जानी चाहिए. उन्होंने चीनी और इथेनॉल की कीमतों से जुड़ी केंद्रीय नीतियों में बदलाव की भी मांग की है. वहीं किसान संगठनों का कहना है कि बढ़ती कृषि लागत की तुलना में गन्ने का मौजूदा मूल्य किसानों के लिए पर्याप्त नहीं है. उनका आग्रह है कि डॉ. एम. एस. स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप उत्पादन लागत को ध्यान में रखकर कृषि उपज का मूल्य तय किया जाए.
आंदोलन में महाराष्ट्र और कर्नाटक के विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारी और गन्ना उत्पादक किसान शामिल हैं. संगठनों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है. वहीं, आंदोलन को देखते हुए हुब्बली में मंत्री के निवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है.





