चांदूर बाजार-मोर्शी में बारिश से राहत भी, नुकसान भी

तेज हवाओं के साथ करीब एक घंटे तक जोरदार बारिश

* अरहर, कपास और चने को संजीवनी, कटी सोयाबीन को नुकसान
अमरावती/दि.7– जिले के चांदूर बाजार और मोर्शी तहसील के कई गांवों में मंगलवार शाम 6.30 बजे के बाद तेज हवाओं के साथ करीब एक घंटे तक जोरदार बारिश हुई. बेलोरा, रिद्धपुर, वाठोंडा, चिंचोली काले और मोर्शी तहसील के राजुरा क्षेत्र में हुई इस बारिश से जहां अरहर, कपास और चने की फसलों को राहत मिली, वहीं तेज हवाओं से कुछ स्थानों पर नुकसान भी हुआ.
रिद्धपुर के साप्ताहिक बाजार में तेज हवाओं के कारण नुकसान हुआ और सब्जियां पानी में बह गईं. इसके अलावा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई. मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए कई किसानों ने सोयाबीन की कटाई फिलहाल रोक दी है. हालांकि, जिन किसानों ने पहले ही सोयाबीन की कटाई कर ली थी, उनकी कटी हुई फसल को बारिश से नुकसान हुआ है. लौटती बारिश से खेतों में खड़ी अरहर, कपास और चने की फसलों को कुछ हद तक संजीवनी मिली है. वहीं कटी फसल के नुकसान से किसानों की चिंता बढ़ गई है. प्रभावित किसानों ने तत्काल तलाठी के माध्यम से सर्वे कराकर नुकसान का पंचनामा करने की मांग की है.

Back to top button