अप्पर वर्धा प्रकल्प की पहली नहर प्रारंभ

विधायक वानखडे के प्रयत्नों को सफलता, किसानों को राहत

15 दिनों तक उपलब्ध रहेगा पानी
अमरावती/दि.7– बारिश के मुंह मोड लेने से संकट में फंसे किसानों के लिए तिवसा के विधायक राजेश वानखडे के प्रयासों से आखिर पहली नहर में सुबह 10 बजे से जल निकासी शुरु की गई है. जिससे सैकडों हेक्टेअर में फसलों को संजीवनी मिलने की आशा जागी है. इस बीच अप्पर वर्धा के अधिकारी राजीव जावरकर ने बताया कि, 15 दिनों तक नहर में पानी उपलब्ध रहेगा. किसानों से नियोजन कर सिंचाई करने कहा गया है.
उल्लेखनीय है कि, जिले के अनेक भागों में इस बार बरसात ने दगा दे दिया. अगस्त और सितंबर लगभग सूखें रहे. जिसके कारण कपास, सोयाबीन, तुअर की फसलें अंकुरित तो हुई, किंतु अवर्षा की वजह से सूखने लगी, जलने लगी. फलस्वरुप किसानों ने अप्पर वर्धा बांध से पानी दिए जाने की मांग उठाई. विधायक राजेश वानखडे ने प्रयास किए. उनके प्रयत्नों से आखिर नहर में पानी छोडा गया है. फलस्वरुप किसानों को राहत प्राप्त हुई है. थोडे-बहुत अंश में वे अपनी फसलों को बचाने का प्रयास कर सकते है.
निंभार्णी राजुरवाडी के अप्पर वर्धा अधिकारी जावरकर ने बताया कि, नहर में पांच घनमीटर प्रति सेकंड पानी छोडा गया है. जिससे मोर्शी, तिवसा, धामणगांव रेलवे तहसीलों के अनेक गांवों में खरीफ फसलों को संजीवनी मिलेगी.

 

Back to top button