नाना पाटेकर के निधन पर देशभर में शोक
राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी, गडकरी, फडणवीस समेत नेताओं सहित फिल्मी हस्तियों और खिलाडियों ने दी श्रद्धांजलि

मुंबई/दि.8 – हिंदी और मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है. पांच दशक से अधिक लंबे फिल्मी सफर में अपनी दमदार संवाद अदायगी, तीव्र अभिनय, बेबाक अंदाज और हर किरदार में अलग रंग भरने की क्षमता से दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ने वाले नाना पाटेकर को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, राजनीतिक नेताओं, फिल्मी हस्तियों और खेल जगत के दिग्गजों ने श्रद्धांजलि दी. श्रद्धांजलि संदेशों में उनके अभिनय के साथ उनकी सादगी, जमीन से जुड़ी जीवनशैली और समाजसेवा को भी याद किया गया.
* लोगों के दिलों-दिमाग पर गहरी छाप छोड़ी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नाना पाटेकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वे लोगों के दिलों और दिमाग पर अपनी गहरी छाप छोड़ गए हैं. उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर ने अपने दमदार अभिनय से विभिन्न मानवीय अनुभवों को पर्दे पर जीवंत किया. समाज के वंचित वर्गों के प्रति उनकी चिंता और सामाजिक कार्य उनके व्यक्तित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा थे. राष्ट्रपति ने उनके निधन को भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी क्षति बताया.
* हिंदी और मराठी सिनेमा में गहरा खालीपन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि नाना पाटेकर के जाने से हिंदी और मराठी सिनेमा में एक गहरा खालीपन पैदा हुआ है. उन्होंने उनके अभिनय की तीव्रता और प्रत्येक किरदार में दिखाई देने वाली विविधता को याद किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि नाना पाटेकर द्वारा निभाए गए यादगार किरदार और उनका योगदान आने वाली कई पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा.
अभिनेता से बढकर सामाजिक कार्यकर्ता
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नाना पाटेकर के निधन को बड़ा झटका बताते हुए उनके साथ अपनी व्यक्तिगत मित्रता को याद किया. उन्होंने क्रांतिवीर और नटसम्राट जैसी फिल्मों में नाना पाटेकर के दमदार अभिनय का उल्लेख किया. साथ ही किसानों के लिए ‘नाम फाउंडेशन’ के माध्यम से किए गए उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की.
* नाना से बेहद घनिष्ठ और आत्मीय संबंध थे
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नाना पाटेकर के निधन को अत्यंत चौंकाने वाला और हृदयविदारक बताया. उन्होंने कहा कि नाना और उनके बीच बेहद घनिष्ठ और आत्मीय संबंध थे. गडकरी ने कहा कि नाना पाटेकर ने मराठी और हिंदी सिनेमा में पांच दशकों से अधिक समय तक अपने दमदार अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज किया. उन्होंने कहा कि संवाद अदायगी की अपनी विशिष्ट शैली के माध्यम से नाना ने अनेक किरदारों को अमर बना दिया और फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान कायम की. उनका जाना भारतीय फिल्म उद्योग के लिए बड़ी क्षति है.
* रंगमंच से सिनेमा तक अमिट छाप
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि रंगमंच से लेकर सिनेमा तक उनकी शक्तिशाली कला ने भारतीय सिनेमा और कला जगत पर अमिट छाप छोड़ी है. उन्होंने नाना के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया.
* फिल्म जगत के लिए बहुत बडी क्षति
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे फिल्म जगत के लिए बड़ी क्षति बताया. साथ ही कहा कि, नाना पाटेकर जैसे बिरले कलाकार कभी कभार ही पैदा होते है, उन्हें लंबे समय तक याद रखा जाएगा.
* जैसे किरदार, वैसा ही जीवन
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि फिल्मों में उनके किरदार जिस तरह के थे, उन्होंने अपना जीवन भी उसी तरह जिया. उन्होंने नाना के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके योगदान को याद किया.
* अपनी तरह के अकेले व अनूठे कलाकार थे नाना
शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि नाना पाटेकर का जाना देश और फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. साथ ही उन्होंने कहा कि, नाना पाटेकर अपनी तरह के अकेले व अनूठे कलाकार थे.
* भारतीय सिनेमा ने अपनी दमदार आवाज खो दी
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने नाना पाटेकर के निधन पर कहा कि उनके अचानक निधन की खबर से वे गहरे सदमे और दुख में हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा ने अपनी सबसे दमदार, सच्ची और अपूरणीय आवाजों में से एक को खो दिया है. उनके अनुसार, नाना केवल किरदार निभाते नहीं थे, बल्कि हर पात्र में बेबाक और जीवंत सच्चाई भर देते थे. उन्होंने कहा कि नाना की महान विरासत हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगी.
* बेहद जमीन से जुड़े और प्रेरणादायक व्यक्ति
महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने नाना पाटेकर को बेहद जमीन से जुड़े और प्रेरणादायक व्यक्ति के रूप में याद किया. उन्होंने उनके सरल व्यक्तित्व और अभिनय में दिखाई देने वाली ईमानदारी एवं सच्चाई को श्रद्धांजलि दी.
* सादगी की तरह अभिनय भी बेहद दमदार
पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली ने भी नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर का अभिनय उनकी सादगी की तरह ही बेहद दमदार था. वे देश के उन चुनिंदा कलाकारों में शामिल थे, जो समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को बखूबी समझते थे.
* बेबाक अंदाज और शानदार अभिनय के लिए याद रखे जाएंगे नाना
अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती समेत फिल्म जगत की अनेक हस्तियों ने नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त किया. कलाकारों ने उनके बेबाक अंदाज, दमदार संवाद अदायगी और अभिनय की विशिष्ट शैली को याद किया. नाना पाटेकर के सामाजिक कार्यों और ‘नाम फाउंडेशन’ के माध्यम से किसानों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया गया.
* ऐसा लग रहा है जैसे किसी ट्रक ने मुझे टक्कर मार दी हो
अभिनेता रितेश देशमुख ने नाना पाटेकर के निधन पर भावुक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, मैं स्तब्ध हूं. ऐसा लग रहा है जैसे किसी ट्रक ने मुझे टक्कर मार दी हो. उन्होंने नाना पाटेकर के निधन की खबर को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि वे एक बेजोड़ और अद्वितीय अभिनेता थे, जिनकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती.
* आवाज और तीव्रता ही काफी थी
अभिनेता अक्षय कुमार ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि नाना पाटेकर उन चुनिंदा कलाकारों में से थे, जिन्हें दर्शकों का ध्यान खींचने के लिए बहुत कुछ करने की जरूरत नहीं पड़ती थी. उनकी आवाज, अभिनय की तीव्रता और समर्पण ही दर्शकों को प्रभावित करने के लिए पर्याप्त था.
* एक और अजीज दोस्त खो दिया
अभिनेता अनुपम खेर ने भावुक वीडियो संदेश के जरिए नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि सतीश कौशिक के बाद उन्होंने अपना एक और अजीज दोस्त खो दिया है और यह बेहद नाइंसाफी है. उन्होंने नाना के साथ अपनी दोस्ती और उनसे जुड़ी यादों को साझा करते हुए शोक व्यक्त किया.
* फिल्म इंडस्ट्री के साथ निजी नुकसान भी
अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने कहा कि नाना पाटेकर का जाना पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ा नुकसान है. उन्होंने इसे अपना निजी नुकसान भी बताया और नाना के अभिनय तथा व्यक्तित्व को याद किया.
* आज का दिन बेहद अजीब
करीब 8 वर्ष पहले फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर के खिलाफ बेहद संगीन व सनसनीखेज आरोप लगानेवाली फिल्म अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर नाना पाटेकर के निधन पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की और इस दिन को बेहद अजीब और भावुक बताया.
* फिल्म इंडस्ट्री के सच्चे रत्न थे नाना
अभिनेता अनिल कपूर ने नाना पाटेकर के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें फिल्म इंडस्ट्री का ‘सच्चा रत्न’ बताया. उन्होंने नाना के साथ परिंदा और वेलकम जैसी फिल्मों में काम करने की यादों को साझा किया और कहा कि उनके साथ बिताए समय की स्मृतियां हमेशा उनके दिल में रहेंगी.
* एक अद्भुत सह-कलाकार और बेबाक इंसान
अभिनेता बोमन ईरानी ने सोशल मीडिया पर नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि नाना केवल एक अद्भुत सह-कलाकार ही नहीं थे, बल्कि ऐसे इंसान थे, जिन्होंने अपनी बेबाकी और ईमानदारी से सभी को प्रभावित किया. उन्होंने नाना के निधन को सिनेमा के एक युग के समाप्त होने जैसा बताया.





