अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता तीरंदाज कुमकुम मोहोड का भव्य सम्मान
जाधव टीवीएस की ओर से नई टीवीएस आईक्यूब ईवी भेंट

जापान की प्रतियोगिता में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर बढ़ाया देश का गौरव
अमरावती /दि. 9– जापान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतने वाली अमरावती की प्रतिभाशाली तीरंदाज कुमकुम मोहोड का जाधव टीवीएस की ओर से भव्य सम्मान किया गया. जाधव टीवीएस के संचालक हेमंत जाधव ने कुमकुम की उपलब्धि का गौरव बढ़ाते हुए उन्हें उनकी पसंद की नई टीवीएस आईक्यूब ईवी भेंट की.
कुमकुम ने जापान में व्यक्तिगत स्पर्धा में एक स्वर्ण पदक तथा टीम स्पर्धा में एक स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किया. सामान्य पारिवारिक परिस्थितियों के बीच संघर्ष करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता पाने वाली कुमकुम के सम्मान की पहल हेमंत जाधव ने उनके पिता अनिल मोहोड से संपर्क कर की. आगे के अभ्यास और प्रशिक्षण शिविर के लिए रवाना होने से पहले कुमकुम अमरावती में केवल एक दिन के लिए उपलब्ध थीं. परिवार की ओर से महज 15 से 20 मिनट का समय मिलने के बावजूद जाधव टीवीएस की टीम ने कुछ ही घंटों में समारोह की तैयारियां पूरी कर लीं.
सोमवार, 5 अक्टूबर को शाम 7.15 बजे कुमकुम मोहोड, उनके पिता अनिल मोहोड, नगरसेवक संजयभाऊ गव्हाले, कुमकुम के मामा और अन्य परिजनों का जाधव टीवीएस शोरूम में आगमन हुआ. आतिशबाजी, ढोल-ताशों और तुतारी की गूंज के बीच उनका जोरदार स्वागत किया गया. शोरूम को आकर्षक विद्युत रोशनी और फूलों से सजाया गया था. मुख्य प्रवेश द्वार पर कुमकुम का औक्षण कर देशभक्ति गीतों के साथ उन्हें शोरूम में लाया गया.
इस अवसर पर हेमंत जाधव और उनके सुपुत्र शिवराज हेमंत जाधव ने उपस्थित अतिथियों को कुमकुम की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों की जानकारी दी तथा पुष्पहार और पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया. समारोह में केक काटा गया. जापान में कुमकुम के मुकाबलों और पुरस्कार वितरण के विशेष क्षण बड़ी एलईडी स्क्रीन पर भी दिखाए गए. इसके बाद जाधव टीवीएस की ओर से उन्हें नई टीवीएस आईक्यूब ईवी भेंट कर भविष्य की उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं.
सम्मान से भावविभोर कुमकुम और उनके पिता अनिल मोहोड ने जाधव टीवीएस के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पदक जीतने के बाद देशभर में कई स्थानों पर उनका सम्मान हुआ, लेकिन जाधव टीवीएस की ओर से किया गया आत्मीय और भव्य स्वागत हमेशा याद रहेगा. कार्यक्रम का नियोजन जाधव टीवीएस के प्रबंधक राजेश अनासाने और उनके सहयोगियों ने किया. समारोह में अमरावती के व्यापारी, व्यवसायी और अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. इनमें उमेश खिराडे (श्रीराम फाइनेंस), गोपाल तुरणकर (टाटा कैपिटल), विजय खांडके (एचडीबी फाइनेंस), संजय डागा, हुझेफा गोरावाला, दीपक जोशी, बिट्टू नंदा, सतीश शेंगर, अश्विन मोहोड, श्याम पवार, आशीष कुलकर्णी, अतुल महाशब्दे और नितीन खांडेकर प्रमुख रूप से शामिल थे. समारोह के अंत में हेमंत जाधव और शिवराज जाधव ने उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों का आभार माना. इस आयोजन के माध्यम से जाधव टीवीएस ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं की उपलब्धियों का सम्मान करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.





