अमरावती की वैभवी ने तैराकी में मारी बाजी

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में 500 तैराकों को पछाड़कर पहला स्थान

 28 मिनट 3 सेकंड में एक किलोमीटर की दूरी पूरी की
अमरावती/दि.9 – अमरावती की वैभवी अमोल नानोटकर ने महाराष्ट्रस्तरीय खुली जल तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया. पुणे के निकट ओझर में आयोजित इस प्रतियोगिता में वैभवी ने बांध के गहरे पानी में एक किलोमीटर की दूरी महज 28 मिनट 3 सेकंड में पूरी कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के करीब 500 तैराकों ने हिस्सा लिया था.
डेक्कन क्रीड़ा मंडल और बर्गमन की ओर से 3 और 4 अक्टूबर को आयोजित इस साहसिक प्रतियोगिता में एक, दो और चार किलोमीटर की विभिन्न स्पर्धाएं रखी गई थीं. खुले बांध के गहरे पानी और लहरों के बीच तैरना चुनौतीपूर्ण माना जाता है. ऐसे कठिन माहौल में वैभवी ने शुरुआत से ही तेज गति बनाए रखी और अन्य प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया.
विदर्भ वृत्त 365 समाचार चैनल के प्रबंध संपादक अमोल नानोटकर की बेटी वैभवी अमरावती के प्रिया उद्यान परिसर स्थित रंगोली क्रीड़ा मंडल में नियमित रूप से तैराकी का अभ्यास करती हैं. निरंतर मेहनत और अभ्यास के बल पर मिली इस सफलता के लिए खेल जगत में उनकी सराहना हो रही है. वैभवी ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और मार्गदर्शक गुरुजनों को दिया है. उनकी इस सफलता को अमरावती के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.

 

Back to top button