आधार और 8 अ पर दें फसल कर्ज

पुरूषोत्तम राठी की डिमांड

सांसद और विधायकों के सामने रखी किसानों की व्यथा
अमरावती /दि.9– काटपुर के सधन कास्तकार पुरूषोत्तम राठी ने गत डेढ माह से बारिश न हो पाने की वजह से समस्त जिले में सभी प्रकार की फसलों की दुर्दशा की ओर ध्यान आकृष्ट कर सरकार और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से कास्तकारों को तत्काल और उचित सहायता देने की मांग रखी है. राठी ने यह भी कहा कि रबी सीजन के लिए केवल आधार कार्ड एवं 8 अ प्रमाणपत्र पर फसल कर्ज उपलब्ध करवाना चाहिए. इसके लिए राष्ट्रीयकृत बैंक के नाना प्रकार के कागजात मांगती है. उस पर रोक लगाकर, सातबारा, 8 अ पर ऋण उपलब्ध करवाए तो बेहतर होगा.
पुरूषोत्तम राठी ने अमरावती के दोनों सांसद, सभी विधायकों, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक सभी से पत्र लिखकर निवेदन किया है कि गांवों में हालात बहुत खराब है. सूखा घोषित हो गया है. तत्काल सहायता की आवश्यकता है. जलस्तर भी घसर गया है. जिसके कारण बची कुची फसल को बचाना भी मुश्किल हो रखा है. पुरूषोत्तम राठी ने गांव देहातों में दशहरा, दिवाली का त्यौहार ठीक ठाक करने के लिए भी उचित सहायता की अपील उपरोक्त जनप्रतिनिधियों और शासन से की है. पत्र में राठी ने ग्रामों की सूखे के कारण हो रखी परिस्थिति का हृदयविदारक चित्र बयां किया है. आपने लिखा कि कपास, अरहर, संतरा तो खराब हुए ही, सब्जियां भी जगह पर सूख रही है. कुओं का जलस्तर बहुत कम होने से पानी नहीं मिल पा रहा. मूक पशुओं को पानी, चारा की किल्लत के कारण उनकी दशा देखी नहीं जा रही. पुरूषोत्तम राठी ने जरूरी वस्तुओं के दामों पर नियंत्रण का भी आवाहन और अपेक्षा सरकार से की है. उन्होंने बताया कि अमरावती जिले के तिवसा, मोर्शी, अचलपुर, चांदुर बाजार तहसीलों के ग्रामों में जल्द से जल्द पंचनामा कर क्षतिपूर्ति देने पर ही किसानों की दिवाली ठीक हो सकेगी.् अन्यथा हालात बडे खराब है. पुरूषोत्तम राठी ने किसानों से आत्मघाती कदम न उठाने की अपील की है.

Back to top button