फसल कर्ज के लिए बीमा पॉलिसी की बाध्यता न हो
गोपाल पाटील अरबट ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

अमरावती/दि.9 – फसल कर्ज देते समय किसानों पर एलआईसी अथवा अन्य बीमा पॉलिसी लेने का दबाव बनाए जाने की शिकायतों पर शिवसेना के पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल पाटील अरबट ने आपत्ति जताई है. उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की तत्काल जांच कराने तथा जिले की सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों को ऐसी कथित बाध्यता रोकने के निर्देश देने की मांग की.
गापोल पाटिल अरबट के अनुसार, अंजनगांव सुर्जी स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में पीककर्ज के लिए पहुंचे एक किसान पर बीमा पॉलिसी लेने का दबाव डाले जाने की शिकायत मिली है. उन्होंने संबंधित मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि, आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना अन्यायपूर्ण है. फसल कर्ज की प्रक्रिया सरल बनाकर किसानों को बिना अनावश्यक शर्तों के कर्ज उपलब्ध कराया जाना चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों पर बीमा पॉलिसी थोपने की शिकायतों पर प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो शिवसेना की ओर से तीव्र आंदोलन किया जाएगा.





