खेती की जमीन के विवाद में ट्रिपल मर्डर

मां, भाई और भतीजे की चाकू घोंपकर हत्या

* आरोपी फरार, सोमठाणा गांव में दहशत
बुलढाणा/दि.9 – खेती की जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी मां, भाई और भतीजे की चाकू घोंपकर हत्या कर दी. चिखली शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर सोमठाणा गांव में गुरुवार रात करीब 8 बजे हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के बाद संदिग्ध आरोपी दीपक फत्तेसिंह सुरडकर फरार हो गया है. चिखली पुलिस की विभिन्न टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं.
जानकारी के मुताबिक सोमठाणा गांव के सुरडकर परिवार में पिछले कुछ दिनों से खेती की जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. बताया जाता है कि मां सरस्वती ने दीपक के हिस्से की जमीन अपने दूसरे बेटे संजय के नाम कर दी थी. साथ ही पिता की पेंशन भी मां बडे बेटे को ही देते रहने का संदेह दीपक को था. इसी बात को लेकर परिवार में तनाव चल रहा था. गुरुवार रात खेत में सोयाबीन फसल की कटाई थी. मां के नाम पर रही खेती और पेंशन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और तीन लोगों की जान चली गई. इस हत्याकांड में सरस्वती फत्तेसिंह सुरडकर (75), संजय सुरडकर और संजय के बेटे रणजीत संजय सुरडकर (25) की हत्या कर दी गई. आरोपी दीपक अपने परिवार के साथ पहले से ही गांव का घर छोडकर शेलूद रहने चला गया था. इस परिवार का तीसरा भाई अजय सुरडकर यह पहले से ही एक प्रकरण में जेल में है. घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
* पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा किया. इसके बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया. शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार के सदस्यों, मित्रों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मौजूदगी में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया.
* फरार आरोपी की तलाश जारी
वारदात के बाद से संदिग्ध आरोपी दीपक फत्तेसिंह सुरदकर फरार है. विखली पुलिस की विभिन्न टीमें उसकी तलाश कर रही हैं. खेती की जमीन के बंटवारे को लेकर हुआ यह विवाद तीन हत्याओं तक पहुंचने से गांव में दहशत का माहौल है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

Back to top button