शहर में सूखे जैसे हालात नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें
विधायक सुलभा खोडके ने मजिप्रा अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

जलापूर्ति की उचित योजना बनाने के निर्देश
अमरावती/दि.9 – अमरावती शहर में एल नीनो के संभावित प्रभाव के चलते सूखे जैसी स्थिति उत्पन्न होने और नागरिकों को पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ने संबंधी चर्चाओं से लोगों में चिंता का माहौल है. इन चर्चाओं के बीच विधायक सुलभा खोडके ने 8 अक्टूबर को महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण (मजीप्रा) के कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था, उपलब्ध जलभंडार और विभिन्न क्षेत्रों में आ रही पानी की समस्याओं पर चर्चा की गई.
विधायक सुलभा खोडके ने नागरिकों से अपील की कि वे पानी की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि अमरावती शहर को जलापूर्ति करने वाले अपर वर्धा बांध में पर्याप्त पानी उपलब्ध है और फिलहाल शहर में सूखे जैसी स्थिति नहीं है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के सभी क्षेत्रों में नियमित और सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी नियोजन किया जाए.
* जलापूर्ति की उचित योजना बनाने के निर्देश
बैठक में विधायक खोडके ने कहा कि उपलब्ध जलसंग्रह का नियोजन इस तरह किया जाना चाहिए कि शहर के नागरिकों को पूरे वर्ष पर्याप्त पानी मिल सके. साथ ही उन्होंने नागरिकों से भी पानी का उपयोग सावधानीपूर्वक करने और पानी की बर्बादी रोकने की अपील की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जलापूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखने तथा जरूरत के अनुसार आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए.
* कई क्षेत्रों में बार-बार बाधित हो रही जलापूर्ति
शहर के अर्जुन नगर, रहाटगांव, वेंकैयापुरा, बिच्छू टेकड़ी, महेंद्र कॉलोनी और सिद्धार्थ नगर सहित कई क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से जलापूर्ति संबंधी समस्याएं सामने आ रही हैं. इन इलाकों में नई पाइपलाइन बिछाने, पुरानी पाइपलाइन बदलने और विभिन्न केबल डालने के लिए की जा रही खुदाई के कारण पानी की आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है. इससे नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और शिकायतों में भी वृद्धि हुई है. इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक खोडके ने महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के अधिकारियों को पाइपलाइन के रखरखाव और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति जल्द से जल्द सुचारु करने तथा नागरिकों को होने वाली असुविधा दूर करने पर जोर दिया.
* अपर वर्धा बांध में 330 एमसीएम जलसंग्रह क्षमता
बैठक में उपलब्ध जलसंग्रह और शहर की वार्षिक पानी की जरूरत का भी आकलन किया गया. जानकारी के अनुसार, अपर वर्धा बांध की जलसंग्रह क्षमता लगभग 330 मिलियन घन मीटर (एमसीएम) है. इसमें से अमरावती शहर के लिए महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के माध्यम से 58 एमसीएम पानी आरक्षित किया जाता है, जबकि शहर की सालाना पानी की आवश्यकता लगभग 55 एमसीएम बताई गई है. ऐसे में शहर की वार्षिक जरूरत और आरक्षित जलसंग्रह को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को पानी का उचित नियोजन करने के निर्देश दिए गए. बैठक में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों को नियमित पानी उपलब्ध कराने के उपायों पर भी चर्चा हुई.
* बैठक में वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित
इस समीक्षा बैठक में विधायक संजय खोडके, महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के कार्यकारी अभियंता विवेक सोलंके, उपविभागीय अभियंता संजय लेवरकर एवं मनोज वाकेकर, भूमिगत सीवरेज परियोजना के कार्यकारी अभियंता सुनील चव्हाण तथा जलसंपदा विभाग के कार्यकारी अभियंता राजभोग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.





