प्यारा सजा है तेरा दरबार भवानी…

परसों से आए नवरातें माता के... अश्विन नवरात्रि

* अंबा और एकवीरा में 5 मिनट में होंगे दर्शन
* रोज 1 लाख दर्शनार्थियों के उमडने की संभावना
* मंदिर परिसर में 40-40 पुलिस कर्मी हर समय मुस्तैद
* 150 से अधिक सीसीटीवी की निगरानी
* पुलिस आयुक्त ओला ने लिया प्रबंधों का जायजा, खबरदारी बरतने के टिप्स
अमरावती/दि.9 – परसों 11 अक्तूबर से घटस्थापना अर्थात कलश स्थापना के साथ अंबानगरी का सबसे बडा उत्सव अश्विन नवरात्रि का मंगल प्रारंभ होने जा रहा है. ऐसे में दोनों ही देवस्थान अंबा और एकवीरा संस्थान में भाविकों के सुविधार्थ दरबार सजा दिया गया है. शानदार लायटिंग और अक्तूबर की गर्मी को देखते हुए पंडाल बिछाया गया है. कदम-कदम पर सुरक्षा कर्मी, सहायक तैनात किए गए हैं. जिससे 5 मिनट में दर्शन की सुचारु व्यवस्था का दावा दोनों ही अध्यक्ष अंबादेवी के एड. दीपक श्रीमाली और एकवीरा संस्थान के इंजी. टेंबे ने किया है. उन्होंने बताया कि, संस्थान के अपने दर्जनों कर्मचारियों के साथ ही पुलिस प्रशासन ने भी 40-40 कर्मी हर समय मुस्तैद रखने के निर्देश दिए हैं. उसी प्रकार मंदिर परिसरों में 150 से अधिक सीसीटीवी की निगरानी रहेगी. किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को टालने के साथ ही दर्शन दिन के लगभग 20-22 घंटे सुचारु रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि, माताएं-बहनें गोद भरने की अर्धात ओटी भरने की अलग कतार का उपयोग करें. इन कतारों में भी अधिक समय नहीं लगेगा, इस बात का खयाल रखा जा रहा है.
* घटस्थापना पूजन तडके 4.30 बजे से
अंबा देवी में घटस्थापना पूजन रविवार 11 अक्तूबर की तडके 4.30 बजे होगी. सचिव रवींद्र कर्वे और उनकी धर्मपत्नी के हस्ते पूजन होने की जानकारी दी गई है. सबेरे 7.30 बजे से सप्तशती पाठ होगा. ध्वजारोहण सबेरे 8.30 बजे डॉ. जयंत पांढरीकर के हस्ते किया जाएगा. मंदिर में 40 सीसीटीवी लगाए गए हैं. 30 सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं.
* व्यवस्था ऐसी, शीघ्र होंगे दर्शन
अंबा-एकवीरा के दर्शनार्थी देश के कोने-कोने से खास अश्विन नवरात्री हेतु आते हैं. इस बात का ध्यान रखकर हमेशा की तरह अंबादेवी में जहां पुरुषों के लिए लकडी का चबूतरा बनाया गया है. अध्यक्ष एड. दीपक श्रीमाली और ट्रस्टी सुरेंद्र बुरंगे ने अमरावती मंडल को बताया कि, सभी जरुरी बैरिकेट लगा दिए गए हैं. दर्शनार्थियों की व्यवस्था ऐसी है कि, लंबी कतार के बावजूद अधिकाधिक 12-15 मिनट में दर्शन सुलभ होंगे. उन्होंने बताया कि, मंदिर परिसर चकाचक करने के साथ 4 हजार वर्ग फीट के पंडाल आच्छादित किए गए हैं. महिला और पुरुषों की कतारे हमेशा के समान अलग रहेगी.
* 134 गार्ड, युवा तैनात
ट्रस्टीयों ने बताया कि, अंबादेवी के अपने 44 गार्ड मुकर्रर किए गए हैं. इसके अतिरिक्त 70 महिलाएं, 20 युवा कुल 134 लोग वहां कतार बनाए रखने और दर्शनार्थियों की सुविधार्थ हर समय मुस्तैद रहेंगे. इसके अतिरिक्त पुरोहित संघ और नियमित कर्मी है ही. आखिर आनेवाले श्रद्धालु की सुविधा, सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण होने की बात एड. दीपक श्रीमाली और सुरेंद्र बुरंगे ने कही. उन्होंने बताया कि, पंचमी को विशाल माता का जगराता आयोजन है. हजारों भाविक उसमें उमडने की संभावना है.
* एकवीरा का उत्सव जोरदार
श्री एकवीरा देवी संस्थान के अध्यक्ष टेंबे ने बताया कि, रविवार से रविवार 9 दिनों में 94 से अधिक महिला भजन मंडल विविध सत्र में भजन-कीर्तन प्रस्तुत करेगी. उसी प्रकार सोमवार 19 अक्तूबर को रात 8 बजे से शालिग्राम महाराज खेडकर वारकरी कीर्तन प्रस्तुत करेंगे. उससे पूर्व रविवार 11 से 18 अक्तूबर तक नागपुर के राहुल गणोरकर के रोजाना 8 से 10 बजे तक कीर्तन होंगे. जिसमें हार्मोनियम पर अतुल भातकुलकर और तबले पर स्वप्नील सरदेशमुख साथ-संगत करेंगे. विश्व हिंदू परिषद मातृ शक्ति द्वारा 16 अक्तूबर को सुबह 11 बजे सप्तशती पाठ का आयोजन किया गया है. संस्थान के चंद्रशेखर कुलकर्णी ने बताया कि, आनेवाले भाविकों के लिए एकवीरा देवी अन्न क्षेत्र और जनकल्याण संस्था द्वारा दोपहर 12 से 2.30 बजे दौरान निशुल्क महाप्रसाद का प्रबंध अन्नक्षेत्र में रहेगा.
* कुलकर्णी दंपति के हस्ते घटस्थापना
एकवीरा संस्थान में शेखर कुलकर्णी और मिनी महापौर स्वाती कुलकर्णी के हस्ते पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच घटस्थापना रविवार 11 अक्तूबर को सबेरे 7 बजे होगी. शेखर कुलकर्णी ने बताया कि, विधिविधान से कलश स्थापना और पूजन पश्चात अष्टमी और नवमी के पारंपरिक यज्ञ यहां होंगे. इस बीच बता दें कि, अन्नक्षेत्र के लिए लगभग 150 लोगों का अतिरिक्त स्टाफ एकवीरा संस्थान हायर करता है. उसके अपने 100 से अधिक कर्मचारी कार्यरत है ही. जिससे मोटे तौर पर कहा जा सकता है कि, करीब 300 कर्मचारियों द्वारा व्यवस्था बनाए रखने की सहायता होगी.
* सीपी ओला ने किया प्रबंधों का अवलोकन
गुरुवार शाम पुलिस आयुक्त राकेश ओला और उनके अधीन सिटी कोतवाली तथा राजापेठ के थानेदार सहित अधिकारी अंबा देवी और एकवीरा देवी परिसर में सुरक्षा इंतजामों का अवलोकन करने पहुंचे थे. उन्होंने अपने अधीनस्थों को कुछ खास निर्देश इस बार के दर्शन प्रबंधों को लेकर दिए. उसी प्रकार कोई अनचाही घटना न हो, इस बारे में भी खबरदारी के निर्देश सीपी ओला ने दिए. संपूर्ण परिसर का सघन मुआयना आपने किया.

Back to top button