सेवा संकल्प अभियान को गति, महावितरण अध्यक्ष ने लाभार्थियों से किया सीधा संवाद
मार्च तक 5 लाख घरों की छतों पर सोलर प्रोजेक्ट लगाने का लक्ष्य

मुंबई /दि.17- महावितरण के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक लोकेश चंद्र ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक महीने तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी-कर्मचारी स्थायी रूप से ग्राहक केंद्रित सेवा की संस्कृति अपनाएं. उन्होंने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न शहरों के विशेष सेवा केंद्रों से संवाद कर योजनाओं के लाभार्थियों की प्रतिक्रियाएं जानीं.
अभियान के तहत प्रत्येक तहसील में एक ही स्थान पर बिजली संबंधी सेवाओं और विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है. लाभार्थियों ने बताया कि सेवा केंद्रों पर आवेदन की तत्काल प्रक्रिया पूरी हुई और बैंक प्रतिनिधियों की मौजूदगी से वहीं कर्ज की व्यवस्था भी हो गई. लोकेश चंद्र ने बताया कि मार्च 2027 तक ‘स्वयंपूर्ण महाराष्ट्र आवासीय रूफटॉप सोलर (स्मार्ट) योजना’ के तहत राज्य के गरीबी रेखा से नीचे तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 5 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के घरों पर एक-एक किलोवाट के सौर ऊर्जा प्रकल्प लगाने का लक्ष्य है.
योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे के पात्र उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार से 30 हजार और राज्य सरकार से 17,500 रुपये की सब्सिडी मिलेगी. वहीं, 100 यूनिट से कम बिजली खपत वाले पात्र आर्थिक रूप से कमजोर उपभोक्ताओं को केंद्र से 30 हजार और राज्य से 10 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी. अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र उपभोक्ताओं को राज्य सरकार से 15 हजार रुपये की सब्सिडी मिलेगी. उन्होंने बताया कि शेष राशि का भुगतान कर लाभार्थी सौर ऊर्जा परियोजना के माध्यम से लगभग 25 वर्षों तक मुफ्त बिजली का लाभ उठा सकेंगे. इस अवसर पर महावितरण के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता, बैंक प्रतिनिधि और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित थे.





