मोर्शी में अवैध बोरवेल खनन पर प्रशासन की दबिश
दो बोरवेल मशीन वाहन जब्त, मोर्शी पुलिस थाने में जमा

* कम बारिश के चलते जिले में नए कुएं और बोरवेल खोदने पर पूर्ण प्रतिबंध
अमरावती /दि.9- जिले में इस वर्ष कम बारिश होने के कारण भूजल स्तर में गिरावट की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी आशिष येरेकर ने पूरे जिले में नए कुएं और बोरवेल खोदने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है. इसके बावजूद अवैध रूप से बोरवेल की खुदाई किए जाने की जानकारी मिलने पर मोर्शी के उपविभागीय अधिकारी प्रदीपकुमार पवार ने सख्त कार्रवाई करते हुए बोरवेल खोदने वाले दो मशीन वाहनों को जब्त कर लिया.
यह कार्रवाई गुरुवार 8 अक्टूबर को मोर्शी तहसील के पाला गांव में की गई. यहां श्री पकडे के खेत में प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से बोरवेल की खुदाई का काम चल रहा था. इसकी जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया. जब्त किए गए वाहनों में राजस्थान के उदयपुर निवासी कल्याणसिंह राजपूत का वाहन क्रमांक जीजे-03/सीएल-8100 तथा गुजरात के राजकोट निवासी रोहन सेजवर का वाहन क्रमांक जीजे 03 सीएल 8109 शामिल है. दोनों बोरवेल मशीन वाहनों का पंचनामा और जब्ती की कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें मोर्शी पुलिस थाने में जमा करा दिया गया. जिले में नए कुएं और बोरवेल की खुदाई पर प्रतिबंध लागू होने के बाद अवैध बोरवेल खनन के खिलाफ इसे पहली बड़ी कार्रवाई बताया जा रहा है. प्रशासन ने जलसंकट की स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है.
* इन अधिकारियों ने की कार्रवाई
उपविभागीय अधिकारी प्रदीपकुमार पवार के मार्गदर्शन में नायब तहसीलदार गजानन दाते, सहायक राजस्व अधिकारी सुधीर शिरभाते, वाहन चालक प्रवीण देवतले, राजस्व सेवक दुर्गेश चारे, पाला साजा के ग्राम राजस्व अधिकारी रोशन जैस्वाल और जयंत मालपे तथा रोशन पकडे एवं गोपाल राठोड ने कार्रवाई में हिस्सा लिया.





