अंबादेवी-एकवीरा देवी मंदिर की सुरक्षा का सीपी ने लिया जायजा
पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

* दोनों मंदिरों में 150 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
* शहर के 10 थाना क्षेत्रों में भी कड़ा बंदोबस्त
अमरावती/दि.9- विदर्भ की कुलस्वामिनी मां अंबादेवी और एकवीरा देवी मंदिर में नवरात्रोत्सव के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी शुरू कर दी है. कानून एवं सुव्यवस्था बनाए रखने तथा दर्शन के लिए आने वाले भक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने गुरुवार, 8 अक्टूबर की शाम अधिकारियों के साथ दोनों मंदिर परिसरों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
* मंदिर संस्थान के पदाधिकारियों से की चर्चा
पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने मंदिर परिसर में की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की. उन्होंने मंदिर संस्थान के पदाधिकारियों से चर्चा कर नवरात्रोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और परिसर में लगने वाली दुकानों के संबंध में जानकारी ली. साथ ही भीड़ नियंत्रण और कानून एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए. इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे, यशवंत सोलंके और प्रांजल सोनवणे, सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले सहित कोतवाली एवं राजापेठ पुलिस थानों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे.
* महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
नवरात्रोत्सव के दौरान दोनों मंदिरों में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु भी दर्शन के लिए पहुंचती हैं. इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है. पुलिस उपायुक्त प्रांजल सोनवणे ने भी दो-तीन दिन पहले मंदिर परिसर का निरीक्षण कर महिलाओं की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया था.
* सीसीटीवी और मचानों से होगी निगरानी
नवरात्रोत्सव के दौरान विदर्भ सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु अंबादेवी और एकवीरा देवी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचते हैं. श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. ऊंचे मचानों से पुलिस जवान परिसर की निगरानी करेंगे, जबकि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी. भीड़ का फायदा उठाकर जेब काटने वालों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी.
* दोनों मंदिरों में 150 पुलिसकर्मियों का बंदोबस्त
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अंबादेवी और एकवीरा देवी मंदिर में नवरात्रोत्सव के दौरान पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे और सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले के नेतृत्व में लगभग 150 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. मंदिर संस्थान की ओर से महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन सुचारु रखने में मदद मिल सके.
* शहर के 10 थाना क्षेत्रों में भी कड़ा बंदोबस्त
नवरात्रोत्सव के दौरान अमरावती पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत आने वाले सभी 10 थाना क्षेत्रों में भी कड़ा पुलिस बंदोबस्त रहेगा. पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन पुलिस उपायुक्त, चार सहायक पुलिस आयुक्त, 27 पुलिस निरीक्षक और 70 सहायक पुलिस निरीक्षक एवं पुलिस उपनिरीक्षक तैनात रहेंगे. इसके अलावा 1,750 पुलिस जवान, राज्य आरक्षित पुलिस बल की एक कंपनी, 500 होमगार्ड, क्यूआरटी, महिला दामिनी पथक और डायल-112 की टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी. पुलिस प्रशासन ने नवरात्रोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, कानून एवं सुव्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं.





