‘अमरावती मंडल’ की मीडिया पार्टनरशिप में तीन जगहों पर सजेगा भव्य रास गरबा

सायंस्कोर पर सजेगा क्रिएटर्स शुभारंभ का नंदा गरबा उत्सव

* होटल महफिल के बंधन लॉन पर रहेगी बरिस्ता गरबा की गूंज
* बडनेरा रोड पर इव्हेंट फॉक्स एंटरटेनमेंट के गरबा का रहेगा जलवा
* नवरात्रोत्सव के दौरान तीनों आयोजन रहते है शहर के प्रमुख गरबा उत्सव
* तीनों आयोजनों में प्रतिवर्ष ‘अमरावती मंडल’ रहता है मीडिया पार्टनर
अमरावती/दि.9 – अमरावती शहर व जिले सहित समूचे विदर्भ क्षेत्र के लिए आराध्य दैवत एवं कुलस्वामिनी रहनेवाली मां अंबादेवी एवं मां एकविरादेवी जैसी आदिशक्तियों की स्थली रहनेवाली अंबानगरी अमरावती में नवरात्रोत्सव का अपना एक अलग महत्व रहता है तथा अमरावती शहर में बडी धूमधाम के साथ नौ दिवसीय नवरात्रोत्सव श्रध्दापूर्वक मनाया जाता है. इस निमित्त जगह-जगह गरबा रास का भी आयोेजन करते हुए देवी की आराधना की जाती है. बदलते वक्त के साथ विगत कुछ वर्षों से गरबा आयोजन का स्वरूप भी बदला है और शहर में कुछ स्थानों पर बडे भव्य-दिव्य स्वरूप में गरबा उत्सव का आयोजन किया जाता है. जिनमें सायंस्कोर मैदान पर क्रिएटर्स शुभारंभ का ‘नंदा गरबा उत्सव’, होटल महफिल के बंधन लॉन में ‘बरिस्ता गरबा’ और बडनेरा रोड पर इवेंट फॉक्स एंड एंटरटेनमेंट का ‘द रास गरबा’ को सबसे प्रमुख एवं सबसे बडे गरबा आयोजन कहा जा सकता है. खास बात यह है कि, विगत कई वर्षों से इन तीनों आयोजनों में प्रतिवर्ष दैनिक ‘अमरावती मंडल’ मीडिया पार्टनर की भूमिका निभाई जा रही है.
बता दे कि, प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी सायंस्कोर मैदान पर क्रिएटर्स शुभारंभ की ओर से ‘नंदा गरबा उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा. नवरात्रि के दौरान यहां गरबा प्रेमियों को पारंपरिक उत्साह और संगीत के साथ गरबा खेलने का अवसर मिलेगा. यह आयोजन शहर के प्रमुख गरबा उत्सवों में अपनी पहचान रखता है. इसके अलावा होटल महफिल के बंधन लॉन में आयोजित होने वाला ‘बरिस्ता गरबा’ भी नवरात्रोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा. हर वर्ष बड़ी संख्या में गरबा प्रेमी इस आयोजन में शामिल होते हैं. संगीत और गरबा की लय के बीच यहां नवरात्रि का उत्साह देखने को मिलता है. इसके साथ ही बडनेरा रोड पर इवेंट फॉक्स एंड एंटरटेनमेंट की ओर से ‘द रास गरबा’ का आयोजन किया जाएगा. यह आयोजन भी शहर के प्रमुख गरबा उत्सवों में शामिल है. आयोजकों की ओर से गरबा प्रेमियों के लिए आकर्षक आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं.
तीनों गरबा उत्सव नवरात्रि के दौरान शहर के सांस्कृतिक माहौल को जीवंत बनाते हैं. दैनिक ‘अमरावती मंडल’ की तीनों आयोजनों के साथ मीडिया पार्टनरशिप भी प्रतिवर्ष बनी रहती है, जिसके माध्यम से शहर के गरबा प्रेमियों तक इन आयोजनों की जानकारी पहुंचती है.

* सायंस्कोर पर सजेगा विदर्भ का सबसे बड़ा सेलिब्रिटी गरबा
– 11 से 19 अक्तूबर तक नंदा महागरबा उत्सव 2026
– अभिनेत्री गिरीजा ओक, शिल्पा शिंदे, शमिता शेट्टी, स्नेहा उल्लाल की रहेगी विशेष मौजूदगी
नवरात्रि के उत्साह को भव्य स्वरूप देने के लिए अमरावती में इस वर्ष ‘गरबा उत्सव 2026’ का आयोजन किया जा रहा है. 11 से 19 अक्तूबर तक साइंस कोर ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस नौ दिवसीय उत्सव को विदर्भ का सबसे बड़ा सेलिब्रिटी गरबा बताया जा रहा है. दैनिक ‘अमरावती मंडल’ की मीडिया पार्टनरशिप में होने जा रहे इस आयोजन में प्रतिदिन अलग-अलग थीम, सेलिब्रिटी की मौजूदगी, गरबा एवं नृत्य प्रतियोगिताएं, आकर्षक पुरस्कार और खान-पान के स्टॉल प्रमुख आकर्षण रहेंगे. गरबा उत्सव के लिए साइंस कोर ग्राउंड में करीब 1.20 लाख वर्गफीट क्षेत्र तैयार किया गया है. बड़ी संख्या में गरबा प्रेमियों की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए पूरे परिसर की व्यवस्था की गई है. नौ दिनों तक प्रतिदिन अलग थीम के साथ गरबा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण मनोरंजन जगत की चर्चित हस्तियों की मौजूदगी होगी. लोकप्रिय धारावाहिक ‘भाभीजी घर पर हैं’ की अभिनेत्री शिल्पा शिंदे के साथ गिरीजा ओक, शमिता शेट्टी, स्नेहा उल्लाल भी उत्सव में विशेष रूप से शामिल होंगी. सेलिब्रिटी की मौजूदगी से गरबा उत्सव को खास बनाने की तैयारी की गई है. उत्सव के दौरान विभिन्न गरबा एवं नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. ग्रुप डांस प्रतियोगिता में प्रथम विजेता को 51 हजार रुपये, द्वितीय को 31 हजार रुपये तथा तृतीय विजेता को 21 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा. अंतिम दिन ‘प्रिंस एंड प्रिंसेस ऑफ अमरावती’ विशेष प्रतियोगिता आयोजित होगी. इसके विजेताओं को दो इलेक्ट्रिक बाइक पुरस्कार के रूप में दी जाएंगी. इसके अलावा मोबाइल फोन, हेडफोन सहित अन्य आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं. आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन की विभिन्न प्रतियोगिताओं में करीब 15 से 20 विजेताओं का चयन किया जाएगा.
आयोजन की जानकारी देते हुए क्रिएटर्स शुभारंभ इवेंट्स के संचालक जीवन भामकर ने बताया कि, उत्सव में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी को देखते हुए महिलाओं, बच्चों और कपल्स के लिए अलग व्यवस्थाएं की गई हैं. प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वालों के लिए स्वतंत्र राउंड होंगे. गरबा और नृत्य प्रतियोगिताओं के साथ अलग-अलग आयु वर्ग के लिए भी स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी. इसके अलावा बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड और विशेष सुरक्षा कर्मचारी तैनात किए जाएंगे. पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जाएगी.
आयोजकों के अनुसार ‘गरबा उत्सव 2026’ को केवल गरबा कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए संगीत, नृत्य, सेलिब्रिटी, प्रतियोगिताओं, पुरस्कार और खान-पान को एक साथ जोड़कर भव्य स्वरूप दिया गया है. 11 से 19 अक्तूबर तक साइंसकोर ग्राउंड में होने जा रहे इस आयोजन के मुख्य प्रायोजक नंदा ग्रुप तथा मनभरी ट्रांसफॉर्म सलून हैं. वहीं सहप्रायोजकों में बिरला ओपन माइंड्स स्कूल, आराधना और होटल हब बालाजी शामिल हैं.

* इवेंट फॉक्स एंड एंटरटेनमेंट करेगा ‘द रास गरबा’ का आयोजन
– चोरडिया यूथ स्पेस में नौ दिन अलग-अलग रंगों की थीम पर होगा गरबा
– पहली बार गरबा प्रेमियों को मिलेगा विशेष दृश्य अनुभव, तैयारियां जमकर शुरू
नवरात्रि के अवसर पर इवेंट फॉक्स एंड एंटरटेनमेंट की ओर से इस वर्ष भी ‘द रास गरबा’ का आयोजन किया जा रहा है. आयोजन का यह छठवां वर्ष है. सौरभ पनपालिया, प्रतीक मोहता और राज पनपालिया इसके आयोजक हैं. हर वर्ष की तरह इस बार भी दैनिक ‘अमरावती मंडल’ आयोजन का मीडिया पार्टनर है. ‘द रास गरबा’ का आयोजन बडनेरा रोड स्थित मारुति सुजुकी अस्पा बंड सन्स शोरूम के सामने चोरडिया यूथ स्पेस के प्रांगण में किया जाएगा. यहां पारंपरिक और आधुनिक गरबा गीतों की धुनों पर नौ दिनों तक गरबा खेला जाएगा. प्रत्येक दिन के लिए अलग-अलग रंगों की थीम निर्धारित की गई है, जिससे आयोजन में रंगों और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिलेगा.
इस वर्ष ‘द रास गरबा’ में गरबा प्रेमियों के लिए विशेष ‘विजुअल एक्सपीरियंस’ की व्यवस्था की जा रही है. आयोजकों के अनुसार, गरबा खेलने आने वाले प्रतिभागियों को इस बार संगीत और रंगों के साथ एक नया दृश्य अनुभव भी मिलेगा. आयोजन को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं.
आयोजन के लिए लगभग एक लाख वर्गफीट क्षेत्रफल वाले मैदान पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं. इसमें करीब 25 हजार वर्गफीट क्षेत्र में वाटरप्रूफ गरबा पंडाल बनाया जा रहा है, जबकि लगभग 30 हजार वर्गफीट क्षेत्र पार्किंग के लिए निर्धारित किया गया है. बारिश की स्थिति में भी गरबा आयोजन सुचारु रूप से जारी रह सके, इस उद्देश्य से पंडाल को वाटरप्रूफ बनाया जा रहा है. गरबा पंडाल परिसर में बच्चों के लिए किड्स प्ले जोन, परिवारों के बैठने की व्यवस्था तथा खाने-पीने के विभिन्न स्टॉल भी उपलब्ध रहेंगे. इससे गरबा खेलने आने वाले प्रतिभागियों के साथ उनके परिवारों को भी सुविधाएं मिल सकेंगी.
आयोजकों की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थापन को प्राथमिकता दी जा रही है. आयोजन स्थल पर बाउंसर, सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था रहेगी. बड़े क्षेत्र में होने वाले इस आयोजन में प्रतिभागियों की सुविधा, पार्किंग, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के लिए तैयारियां की जा रही हैं. ‘द रास गरबा’ के छठवें संस्करण को लेकर आयोजकों को उम्मीद है कि पारंपरिक गरबा संस्कृति, आधुनिक संगीत और अलग-अलग रंगों की थीम के मेल से यह आयोजन गरबा प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा.

* होटल महफिल इन के बंधन लॉन पर सजेगा बरिस्ता गरबा
– जेपीएस-किया शोरूम के सहयोग से नवरात्रि में नौ दिन अलग-अलग थीम पर होगा आयोजन
– तीन अलग पंडालों में पारंपरिक, नियमित और बच्चों के लिए गरबा
नवरात्रि के अवसर पर होटल महफिल इन के बंधन लॉन में इस वर्ष बरिस्ता गरबा का आयोजन किया जा रहा है. दैनिक ‘अमरावती मंडल’ की मीडिया पार्टनरशिप के तहत जेपीएस-किया शोरूम के सहयोग से होने वाले इस आयोजन में पारंपरिक गुजराती गरबा की परंपरा को केंद्र में रखते हुए नवरात्रि के नौ दिनों तक अलग-अलग थीम पर गरबा खेला जाएगा.
आयोजकों के अनुसार, करीब सवा लाख वर्गफीट क्षेत्रफल वाले बंधन लॉन में गरबा प्रेमियों की सुविधा के लिए तीन अलग-अलग पंडाल तैयार किए जा रहे हैं. आयोजन स्थल पर 40 हजार, 15 हजार और 10 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल के तीन गरबा पंडाल साकार किए जाएंगे. 40 हजार वर्गफीट के पंडाल में पारंपरिक गरबा, 15 हजार वर्गफीट के पंडाल में नियमित गरबा तथा 10 हजार वर्गफीट के पंडाल में बच्चों के लिए गरबा आयोजित किया जाएगा. इस व्यवस्था का उद्देश्य अलग-अलग आयु वर्ग और गरबा खेलने की पसंद के अनुसार प्रतिभागियों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है.
बरिस्ता गरबा में ख्यातनाम गायक सुमीत बावरा एवं स्वरगुंजन की टीम द्वारा पारंपरिक गरबा गीतों की लाइव प्रस्तुति दी जाएगी. इसके साथ ही ट्रैक साउंड पर भी गरबा गीत बजाए जाएंगे. आयोजकों ने गरबा प्रेमियों के लिए पारंपरिक संगीत और आधुनिक आयोजन व्यवस्था का समन्वय करने की तैयारी की है. नवरात्रि के दौरान उपवास रखने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए उपवास के व्यंजनों के साथ विभिन्न खाद्य पदार्थों के फूड स्टॉल भी उपलब्ध रहेंगे. इससे गरबा खेलने आने वाले परिवारों को आयोजन स्थल पर ही खान-पान की सुविधा मिल सकेगी.
छोटे बच्चों के माता-पिता भी गरबा का आनंद ले सकें, इसके लिए आयोजन स्थल पर बच्चों के लिए खेल-खिलौनों की व्यवस्था के साथ नाइट केयर की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है. आयोजकों का कहना है कि बच्चों की देखभाल के लिए अलग व्यवस्था रहने से अभिभावक गरबा में सहभागी हो सकेंगे. आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. बरिस्ता गरबा में 10 बाउंसर और 35 सिक्योरिटी गार्ड सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे. भीड़ को नियंत्रित करने और आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी.
बरिस्ता गरबा के आयोजक तथा बरिस्ता कैफे के संचालक सागर भट्टी ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्रि के नौ दिनों के लिए गरबा प्रेमियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं.

Back to top button