विमान हादसा नहीं, साजिश के चलते हुई अजीतदादा की मौत
सेना उबाठा के विधायक भास्कर जाधव के बयान से महाराष्ट्र की राजनीति में हडकंप

मुंबई/दि.22- राष्ट्रवादी कांग्रेस के दिवंगत नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजितदादा पवार की जयंती के अवसर पर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के वरिष्ठ नेता एवं विधायक भास्कर जाधव ने एक ऐसा बयान दिया है, जिससे राज्य की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है. जाधव ने दावा किया कि अजितदादा पवार की विमान दुर्घटना कोई सामान्य हादसा नहीं थी, बल्कि इसके पीछे किसी साजिश की आशंका है.
विधायक भास्कर जाधव ने कहा कि अजितदादा पवार जैसे लोकप्रिय और प्रभावशाली नेता का इस तरह अचानक चले जाना आज भी लोगों के मन में कई सवाल छोड़ गया है. उन्होंने कहा कि दुर्घटना को लेकर महाराष्ट्र की जनता के मन में संदेह बना हुआ है और पूरे मामले की गहन जांच होनी चाहिए. जाधव ने अजितदादा पवार के व्यक्तित्व और कार्यशैली की भी जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि अजितदादा अनुशासन, समय की पाबंदी और प्रशासनिक क्षमता के लिए जाने जाते थे. उनकी कार्यशैली ने महाराष्ट्र की राजनीति और प्रशासन पर गहरी छाप छोड़ी थी.
* विमान दुर्घटना को लेकर पहले भी उठते रहे हैं सवाल
बता दे कि, 28 जनवरी 2026 को बारामती के निकट हुए विमान हादसे में अजितदादा पवार सहित विमान में सवार सभी लोगों की मृत्यु हो गई थी. दुर्घटना के बाद से ही विभिन्न राजनीतिक नेताओं और स्थानीय लोगों द्वारा मामले की विस्तृत जांच की मांग उठती रही है. कई स्थानों पर नागरिकों ने भी दुर्घटना के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की थी. हालांकि दुर्घटना की जांच अभी भी संबंधित एजेंसियों के स्तर पर जारी है और अब तक किसी आधिकारिक रिपोर्ट में घातपात की पुष्टि नहीं हुई है.
* नीट पेपर लीक मामले पर भी बोले जाधव
विधायक भास्कर जाधव ने अपने एक संदेश में नीट पेपर लीक प्रकरण पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि केवल पेपर लीक करने वालों को दोषी ठहराना पर्याप्त नहीं है. उनके अनुसार पेपर खरीदने वाले भी उतने ही जिम्मेदार हैं. उन्होंने कहा कि जब तक किसी भी तरह सफलता हासिल करने की मानसिकता खत्म नहीं होगी, तब तक पेपर लीक और भ्रष्टाचार जैसी घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं. व्यवस्था बदलने से पहले समाज और व्यक्ति की नैतिकता में बदलाव आवश्यक है.
* बयान से बढ़ सकती है राजनीतिक बहस
विधायक भास्कर जाधव के इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा होने की संभावना जताई जा रही है. अजितदादा पवार की विमान दुर्घटना को लेकर पहले भी कई तरह की चर्चाएं होती रही हैं, लेकिन अब एक वरिष्ठ विपक्षी नेता द्वारा सार्वजनिक रूप से घातपात की आशंका जताने से इस मुद्दे ने फिर से राजनीतिक महत्व प्राप्त कर लिया है. फिलहाल इस मामले में किसी जांच एजेंसी ने साजिश की पुष्टि नहीं की है और दुर्घटना की जांच जारी है.





