सभी नागरिक आपसी भाईचारा बनाए रखे
बकरीद को लेकर पुलिस आयुक्तालय में शांति समिति की बैठक हुई

अमरावती /दि.21- आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से आज 21 मई को सुबह 11 बजे पुलिस आयुक्त कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में मुस्लिम समाज के मौलवी, मस्जिद एवं ईदगाह ट्रस्टी, कुरैशी समाज के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शांति समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
बैठक में मनपा, बिजली विभाग, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, अग्निशमन विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, जलापूर्ति विभाग, जिला सामान्य अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी भाग लिया. उपस्थित सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए. बैठक में बकरीद के दौरान शहर में पानी, बिजली, सफाई व्यवस्था और कूड़ेदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई. जलापूर्ति विभाग ने बताया कि त्यौहार के दौरान प्रतिदिन पानी सप्लाई संभव नहीं होने के कारण नागरिकों से सप्लाई वाले दिन पर्याप्त मात्रा में पानी संग्रहित करने की अपील की गई है.
पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने कुर्बानी से पहले पशुओं की जांच एवं आवश्यक अनुमति लेने की सलाह दी. साथ ही गोवंश हत्या पर प्रतिबंध होने के कारण नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए. अमरावती शहर के पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने कहा कि अमरावती शहर हमेशा से शांतिप्रिय रहा है और यहां हिंदू-मुस्लिम समुदाय ने आपसी भाईचारे के साथ शांति बनाए रखने में सहयोग किया है. उन्होंने नागरिकों से इसी परंपरा को आगे बढ़ाने की अपील की. पुलिस आयुक्त ने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने, सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेशों की सत्यता जांचने और किसी भी भड़काऊ पोस्ट की जानकारी तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया. उन्होंने बताया कि साइबर पुलिस सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए है और समाज में वैमनस्य फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने यह भी कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर ली गई है और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. युवाओं को भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट और अफवाहों से दूर रखने के लिए अभिभावकों एवं समाज के जिम्मेदार लोगों से मार्गदर्शन करने की अपील भी की गई. बैठक के अंत में पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने सभी नागरिकों से बकरीद के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील करते हुए सभी को बकरीद की शुभकामनाएं दीं.





