सिद्धिविनायक मंदिर से हर साल 18 करोड़ की चोरी का आरोप
राज ठाकरे के आरोप से महाराष्ट्र में मचा बवाल

* कुछ कर्मचारी और जिम्मेदार कर रहे धन की चोरी
मुंबई /दि.1- अयोध्या राम मंदिर के दान और कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर देशभर में जारी राजनीतिक बहस के बीच अब मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर को लेकर भी बड़ा विवाद सामने आया है. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने दावा किया है कि सिद्धिविनायक मंदिर की दान पेटी से हर वर्ष करीब 18 करोड़ रुपये की चोरी होती रही है. उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है.
मनसे विद्यार्थी सेना के वर्धापन दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज ठाकरे ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को भेजे गए एक पत्र का हवाला दिया. उन्होंने कहा कि मंदिर में श्रद्धालु आस्था के साथ दान करते हैं, लेकिन वहीं कुछ कर्मचारी और जिम्मेदार लोग कथित रूप से उस धन की चोरी कर रहे हैं. राज ठाकरे के अनुसार, पत्र में उल्लेख है कि कर्मचारियों के पकड़े जाने से पहले हर बुधवार दान पेटी की गिनती में 50 लाख रुपये से कम राशि निकलती थी. लेकिन कर्मचारियों के पकड़े जाने के बाद यही साप्ताहिक दान बढ़कर करीब डेढ़ करोड़ रुपये हो गया. ठाकरे ने दावा किया कि इससे स्पष्ट होता है कि पहले बड़ी मात्रा में दान की रकम का गबन किया जा रहा था और इससे मंदिर को हर वर्ष लगभग 18 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा था. अपने भाषण में राज ठाकरे ने कहा कि लोग सरकार पर भरोसा न होने पर भगवान के दरबार में श्रद्धा से दान देते हैं, लेकिन यदि मंदिरों में भी दान की चोरी होने लगे तो यह अत्यंत गंभीर विषय है. उन्होंने कहा कि युवाओं की आस्था और भावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए तथा सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेकर सच्चाई सामने लानी चाहिए.





