ठाणे में 73 करोड़ के कथित घोटाले की जांच होगी
दोषियों पर सख्त कार्रवाई, मंत्री अदिति तटकरे ने कहा

पुणे/ठाणे/दि.24- महाराष्ट्र के ठाणे जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत जिला नियोजन निधि से करीब 73 करोड़ रुपये के कथित गैरव्यवहार का मामला सामने आने के बाद सरकार हरकत में आ गई है. महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई का संकेत दिया है.
मावल तालुका के किवले में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री तटकरे ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए निर्धारित निधि का दुरुपयोग बेहद गंभीर मामला है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने बताया कि सरकार ने इस प्रकरण की तात्कालिक दखल लेते हुए एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं. मंत्री तटकरे के अनुसार, उपायुक्त की अध्यक्षता में बनाई गई यह समिति पूरे मामले की गहराई से जांच करेगी और रिपोर्ट सौंपेगी. रिपोर्ट मिलते ही दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों या संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेजी से की जाएगी.
* क्या है मामला?
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजन निधि से 73 करोड़ रुपये के कथित दुरुपयोग की जानकारी सामने आई है. यह निधि महिलाओं और बच्चों के कल्याणकारी योजनाओं के लिए निर्धारित होती है, ऐसे में इसके गलत इस्तेमाल ने प्रशासन और सरकार दोनों को चिंतित कर दिया है.
* अन्य मुद्दों पर भी दिया बयान
विभागों के फेरबदल के सवाल पर तटकरे ने कहा कि फिलहाल इस विषय में उन्होंने पहली बार सुना है और इस पर अंतिम निर्णय देवेंद्र फडणवीस तथा अन्य वरिष्ठ नेता आपसी चर्चा के बाद लेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि यदि सुनेत्रा पवार को महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी दी जाती है तो उन्हें खुशी होगी. परिवार और पार्टी की जिम्मेदारियों पर बोलते हुए तटकरे ने कहा कि अजित पवार के बाद सुनेत्रा पवार ने पार्टी की जिम्मेदारी संभाली है और अन्य नेता भी संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं. सरकार के इस सख्त रुख के बाद अब इस कथित घोटाले में शामिल लोगों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है.





