अमरावती जिला अस्पताल का ट्रॉमा केअर भगवान भरोसे

सात लाइफ सेविंग मशीन बंद पडी

* जहर सेवन के 18 मरीज, दो की मौत
अमरावती /दि.8– जिला सामान्य अस्पताल (इर्विन) के ट्रॉमा केअर यूनिट में गंभीर लापरवाही सामने आई है. यहां बेड पर लगी सभी सात सक्शन मशीन पिछले 11 दिनों से बंद पडी है. इस अवधि में जहर सेवन के 18 मरीज भर्ती हुए, जिनमें से वलगांव के 2 किसानों की उपचार के दौरान मौत हो गई. वर्तमान में 6 मरीजों का उपचार जारी है.
सक्शन मशीने बंद होने से डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को भी गंभीर मरीजों के उपचार में भारी कठिनाईयों का सामना करना पड रहा है. समय पर सक्शन नहीं होने से मरीज की स्थिति तेजी से बिगड सकती है. मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इस संदर्भ में शिघ्र कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया है.

* क्या करती है सक्शन मशीन?
– सक्शन मशीन वैक्युम प्रेशर के माध्यम से मुंह, गले, श्वसन नली और पेट से जहरिले द्रव, कफ, खून, उल्टी और अन्य स्त्राव बाहर निकालती है.
– वेंटीलेटर पर भर्ती तथा जहर सेवन करनेवाले मरीजों के लिए यह जीवनरक्षक उपकरण माना जाता है. इससे सांस लेने में आसानी होती है और संक्रमण तथा फेफडों की जटिलताओं का खतरा कम होता है.

* सक्शन मशीन बंद होना कोई बडी तकनीकी समस्या नहीं
सक्शन मशीन बंद होना कोई बडी तकनीकी समस्या नहीं है. सभी मशीनों की स्थिति की जांच की जाएगी और यदि खराबी मिली, तो उसे तत्काल दूर किया जाएगा.
– डॉ. विनोद पवार
सीएस, अमरावती जिला सामान्य अस्पताल.

Back to top button