चार राज्यों का 20 साल पुराना प्रलंबित मामला सुलझा
महाराष्ट्र को अब नर्मदा से मिलेगा 10 टीएमसी पानी

* मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दी जानकारी
नई दिल्ली/दि.8 – नर्मदा प्रोजेक्ट को लेकर महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान के बीच पिछले 20 वर्षों से प्रलंबित मामले का पटापेक्ष हो गया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में मंगलवार 7 जुलाई को यहां चारों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की एक अहम बैठक हुई. बैठक के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि, आपसी सहमती से मामले का हल निकल गया है और महाराष्ट्र को 10 टीएमसी पानी मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है. इसके साथ ही बैठक में उकाई डैम से 5 टीएमसी पानी उठाने के बारे में भी एक अच्छा फैसला लिया गया.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शहा की मौजूदगी में हुई इस बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल मौजूद थे. मुख्यमंत्री फडणवीस ने बैठक में लिए गए अहम फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि, नर्मदा प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद महाराष्ट्र को इससे सिर्फ बिजली मिलती थी. अब 10 टीएमसी पानी मिलने का भी रास्ता साफ हुआ है.





