रिच गार्डन पर आबकारी विभाग ने दूसरी बार मारा छापा
मध्य प्रदेश से लाई गई नकली ब्रांडेड शराब की बरामद

* राहुल साहू पर मामला दर्ज
अमरावती /दि.8– शहर में आबकारी विभाग ने सोमवार 6 जुलाई की रात बडी कार्रवाई करते हुए रिच गार्डन होटल एंड बार पर छापा मारकर मध्य प्रदेश से लाई गई ब्रांडेड नकली शराब बरामद की. इस कार्रवाई के दौरान करीब हजारों रुपए की कीमती शराब जब्त की गई. मामले में होटल संचालक राहुल साहू के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि, रिच गार्डन होटल में दूसरे राज्यों के लाई गई शराब की अवैध बिक्री की जा रही है. प्राप्त सूचना के आधार पर आबकारी विभाग ने जाल बिछाकर होटल पर छापा मारा. जांच के दौरान मध्य प्रदेश से लाई गई ब्रांडेड शराब बरामद हुई. सूत्रों के अनुसार करीब डेढ से दो वर्ष पहले भी इसी रिच गार्डन होटल एंड बार पर आबकारी विभाग ने छापेमारी की थी. उस समय होटल और बार का संचालन आरोपी के बडे भाई के नाम पर किया जा रहा था. उस दौरान आबकारी विभाग की कार्रवाई में बडे पैमाने पर नकली शराब पकडी गई थी. जिसके बाद आबकारी विभाग ने कडी कार्रवाई करते हुए होटल का लाईसेंस रद्द कर दिया था. उस मामले की सुनवाई फिलहाल अदालत में प्रलंबित है.
बताया जाता है कि, लाईसेंस रद्द होने के बाद भी कारोबार बंद नहीं हुआ. आरोप है कि, व्यवसाय को छोटे भाई राहुल साहू के नाम पर संचालित करते हुए अवैध शराब बिक्री धंधा दोबारा शुरु कर दिया गया, जो पिछले कई महिनों से जारी था. आबकारी विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि, इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल है तथा शराब की आपूर्ति का पूरा नेटवर्क क्या था. इस कार्रवाई को लेकर अवैध शराब विक्रेताओं में हडकंप मचा हुआ है. इस कार्रवाई को आबकारी अधीक्षक शशीकांत गजरे के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर सुभाष खरे, सबइंस्पेक्टर राजेंद्र वाकडे, उपनिरीक्षक वायल, मेश्राम, सैयद तथा आरक्षक अंकुश काले, गजानन वाकोडे, किशोर मटकर और वैशाली पारके की टीम ने संयुक्त रुप से अंजाम दिया. आबकारी विभाग ने बताया कि, मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के आधार पर अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भी आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.





